गेल विजयपुर में 19 मई को आयोजित होगी ऑफ-साइट आपातकालीन मॉक ड्रिल
गुना,
जिला प्रशासन की सहभागिता से गेल-विजयपुर संयंत्र में 19 मई 2026 को अपराह्न 3:30 बजे से संयुक्त रूप से ऑफ-साइट आपातकालीन मॉक ड्रिल (लेवल-III) आयोजित की जाएगी। यह मॉक ड्रिल जिला प्रशासन एवं विभिन्न आपदा प्रबंधन एजेंसियों के समन्वय से आयोजित की जा रही है।
गेल-विजयपुर की गैस प्रोसेसिंग यूनिट (GPU) लगभग 45 एमएमएससीएमडी प्राकृतिक गैस के प्रसंस्करण हेतु अभिकल्पित है, जहां एलपीजी, प्रोपेन, पेंटेन, C2/C3, GH₂, एलएनजी एवं नैफ्था जैसे मूल्यवर्धित उत्पादों का उत्पादन किया जाता है। इन उत्पादों का परिवहन मुख्यतः पाइपलाइन एवं सड़क मार्ग से टैंकरों एवं ट्रकों के माध्यम से किया जाता है।
क्षेत्र की तीन प्रमुख औद्योगिक इकाइयाँ GAIL (India) Limited, National Fertilizers Limited तथा Indian Oil Corporation Limited परस्पर सहायता सहयोगी (Mutual Aid Partners) के रूप में कार्य कर रही हैं। खतरनाक एवं ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण एवं संचालन तथा जिला आपदा प्रबंधन तंत्र का अभिन्न अंग होने के कारण प्रतिवर्ष ऑफ-साइट आपातकालीन मॉक ड्रिल आयोजित किया जाना अनिवार्य है।
कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल द्वारा वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन में उक्त मॉक ड्रिल के आयोजन की अनुमति प्रदान की गई है। यह मॉक ड्रिल पुलिस, अग्निशमन विभाग, कारखाना निरीक्षणालय एवं अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से आयोजित होगी, जिससे किसी भी आकस्मिक आपदा अथवा आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया एवं आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकेगा।
