अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के लिए 50 दिवसीय काउंटडाउन शुरू
गुना
आयुष विभाग, मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं जिला आयुष अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह गनावे के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के पूर्व 50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस क्रम में 2 मई 2026 को ओंकार नर्सिंग कॉलेज, गुना में योग शिविर का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि 21 जून 2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन किया जाएगा। इसके पूर्व योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने हेतु आयुष मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक संस्थानों में 50 दिन पहले से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।
ओंकार नर्सिंग कॉलेज गुना में आयोजित योग शिविर में संस्थान के संचालक श्री प्रदीप सेन, श्री आनंद मंगल, श्रीमती मधु कृष्णानी, छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, स्टाफ सदस्य एवं आयुष विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अंकैश अग्रवाल, अशोक कुमार शर्मा तथा योग प्रशिक्षक श्रीमती मधुप्रिया पंत की उपस्थिति में सामान्य योग अभ्यासक्रम (कॉमन योग प्रोटोकॉल) का अभ्यास कराया गया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह गनावे ने बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य योग अभ्यासक्रम के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है। जिससे कार्यक्रम में व्यापक सहभागिता से नागरिकों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को बढ़ावा मिलेगा तथा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के सफल आयोजन में राज्य की महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित होगी l
50 दिवसीय काउंटडाउन कार्यक्रम का आयोजन जिला अंतर्गत आयुष विभाग के समस्त औषधालयों पर किया गया। यह काउंटडाउन कार्यक्रम 02 मई 2026 से प्रारंभ होकर 21 जून 2026 तक निरंतर विभिन्न संस्थानों में जारी रहेगा। इसके अतिरिक्त जन सामान्य के लिए मोरार जी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान द्वारा जारी लिंक http://moa.habit.yoga/?ref=madhyapradesh अथवा टोल फ्री नम्बर 18003157008 पर कॉल कर निशुल्क पंजीकरण कर ऑनलाइन योग प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।
