Type Here to Get Search Results !

छूटे न कोई भी नाम, गुना की प्रगति में दें योगदान

 छूटे न कोई भी नाम, गुना की प्रगति में दें योगदान



गुना 

जिले में जनगणना 2027 को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कल से पूरे जिले में फील्ड कार्य की शुरुआत होगी, जिसमें प्रगणक घर-घर जाकर नागरिकों से जानकारी एकत्रित करेंगे। प्रशासन द्वारा नागरिकों से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में सहयोग की अपील की गई है।


जनगणना कार्य के लिए सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा चुका है और लॉगिन प्रक्रिया भी पूर्ण कर ली गई है। अब वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर डिजिटल माध्यम से डेटा संग्रहण करेंगे।


फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों को तकनीकी सहायता एवं समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हर चार्ज स्तर और जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और अधिकारियों को समय-समय पर अपडेट दिया जाएगा।


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में सभी प्रगणक निर्धारित क्षेत्रों में मोबाइल ऐप के जरिए जानकारी दर्ज करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जब भी प्रगणक उनके घर पहुंचें, तो वे सही और पूरी जानकारी प्रदान करें तथा इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय सहयोग दें।


जनगणना की सफलता में आम नागरिकों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है। सभी के सहयोग से ही जिले का सटीक और समग्र आंकड़ा तैयार हो सकेगा, जो विकास योजनाओं की मजबूत आधारशिला बनेगा।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.