खरीफ 2026 की तैयारी में जुटा कृषि विभाग, गांव-गांव लग रही किसान चौपालें
गुना
जिले में कृषि वर्ष 2026 के अंतर्गत खरीफ फसलों की तैयारी को लेकर जिले के समस्त विकासखंडों की प्रत्येक पंचायत में कृषि चौपालों का आयोजन किया जा रहा है। इन चौपालों में कृषि वैज्ञानिकों एवं कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को आधुनिक एवं लाभकारी खेती की जानकारी दी जा रही है।
चौपालों के माध्यम से किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खेती, ई-विकास प्रणाली से उर्वरक उठाव, आगामी खरीफ फसलों हेतु उपयुक्त बीज किस्म, बीज की मात्रा एवं फसलवार बीज उपयोग की जानकारी प्रदान की जा रही है। साथ ही आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत खेती पद्धतियों, नवीन फसल किस्मों तथा संतुलित उर्वरक उपयोग के संबंध में भी विस्तार से समझाइश दी जा रही है।
कार्यक्रम में उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं कृषि से संबंधित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी गांवों में पहुंचकर किसानों को आय बढ़ाने एवं खेती को लाभ का व्यवसाय बनाने के उपायों की जानकारी दे रहे हैं।
सभी चौपालों में किसानों को यह भी समझाइश दी जा रही है कि नशीले पौधों जैसे अफीम, गांजा आदि की व्यक्तिगत रूप से खेती करना अवैध एवं दण्डनीय अपराध है। ऐसे पौधों की खेती से दूर रहने एवं कानून का पालन करने की अपील की जा रही है।
