कूनो नदी उद्गम स्थल पर आयोजित हुआ “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” कार्यक्रम
जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए जनभागीदारी का दिया संदेश
गुना
जल संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ग्राम कंजा तरावटा स्थित कूनो नदी उद्गम स्थल पर “जल गंगा संवर्धन अभियान 2026” अंतर्गत जागरूकता एवं प्रेरणा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में म.प्र. जन अभियान परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त श्री मोहन नागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन-अर्चन एवं अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इस अवसर पर श्री मोहन नागर ने जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि “जल ही जीवन का आधार है और आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य देने के लिए जल स्रोतों का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने ग्रामीणों को वर्षा जल संचयन, नदियों के पुनर्जीवन, वृक्षारोपण एवं जल के सदुपयोग के प्रति जागरूक करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और जल के दुरुपयोग को रोकने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन एवं समाज के संयुक्त प्रयासों से ही पर्यावरण संरक्षण का अभियान जनआंदोलन का स्वरूप ले सकता है। कार्यक्रम का संचालन श्री राजाराम धाकड़ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर जिला समन्वयक श्रीमती मंजूषा सोलोमन, ब्लॉक समन्वयक श्री अमित गोयल, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्री नरेंद्र कुशवाह, ग्राम पंचायत सरपंच श्री दृगपाल सिंह यादव, परामर्शदाता राम किशोर देवलिया, धर्मेंद्र किरार, हेमराज बैरागी, राजकुमार बैरागी, विकास सेन, बी.डी. शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
