Type Here to Get Search Results !

आंगनवाड़ी केंद्रों में अनियमितता पर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, 35 के विरुद्ध कार्रवाई

 आंगनवाड़ी केंद्रों में अनियमितता पर कलेक्टर ने दिए जांच के निर्देश, 35 के विरुद्ध कार्रवाई


गुना  

समाचार पत्र में प्रकाशित बमोरी विकासखंड अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों के समय पर संचालित नहीं होने एवं बच्चों को नाश्ता उपलब्ध नहीं कराए जाने संबंधी समाचार को कलेक्टर श्री किशोर कन्याल द्वारा गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच के निर्देश प्रदान किए गए।

कलेक्टर के निर्देशानुसार सीडीपीओ दीपा शर्मा द्वारा विभागीय टीम के साथ बमोरी विकासखंड के विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान झागर, पुराना डुमेला, रामपुर, बिंदाखेड़ी, सुजाखेड़ी, मोई, धाननखेड़ी, बनेह एवं सिलावटी सहित विभिन्न आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर संचालन व्यवस्था, उपस्थिति, पोषण आहार वितरण एवं बच्चों को प्रदाय की जा रही सुविधाओं का परीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान दो आंगनवाड़ी केंद्रों पर नीति आयोग परियोजना अंतर्गत दीवार पेंटिंग एवं बाल अनुकूल (चाइल्ड फ्रेंडली) पेंटिंग का कार्य प्रगतिरत पाया गया। संबंधित केंद्रों पर निर्माण एवं पेंटिंग कार्य की गुणवत्ता का परीक्षण करते हुए कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही जिन केंद्रों पर अनियमितताएं पाई गईं, विशेष रूप से बच्चों को नाश्ता उपलब्ध नहीं कराए जाने एवं संचालन व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित 15 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, 16 आंगनवाड़ी सहायिका तथा 4 स्व-सहायता समूहों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए गए हैं।

विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। केंद्रों की व्यवस्थाओं में सुधार एवं बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण तथा प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। भविष्य में भी नियमित निरीक्षण एवं सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.