समय पर उपचार से बची मरीज की जान,जिला चिकित्सालय की तत्परता सराहनीय
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर के मार्गदर्शन में जिला चिकित्सालय में आपातकालीन सेवाएँ लगातार सुदृढ़ की जा रही हैं, जिसका एक और उदाहरण भगतसिंह कॉलोनी निवासी देवेंद्र रघुवंशी के पिता के उपचार के दौरान देखने को मिला।
दिनांक 13 मई को मरीज की अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजनों द्वारा तत्काल जिला चिकित्सालय लाया गया। ड्यूटी पर उपस्थित डॉ. महेंद्र किरार ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए बिना विलंब किए प्राथमिक उपचार प्रारंभ किया तथा आवश्यक स्थिरीकरण के उपरांत मरीज को उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर किया गया। उच्च चिकित्सा संस्थान के चिकित्सकों द्वारा बताया गया कि यदि समय पर प्राथमिक उपचार नहीं मिलता तो स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन जिला चिकित्सालय में मिले त्वरित उपचार के कारण मरीज की जान सुरक्षित रही।
मरीज के परिजनों ने चिकित्सकों एवं समस्त स्टाफ की तत्परता, संवेदनशीलता एवं समर्पित सेवाभाव के लिए आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
