रोजगार हेतु भर्ती कैंप का आयोजन
गुना,
भारतीय सुरक्षा दस्ता परिषद नई दिल्ली द्वारा भारत सरकार के पसारा एक्ट 2005 एवं एनडीआरएफ के संयुक्त तत्वावधान में जिला रोजगार कार्यालय गुना के माध्यम से शिक्षित युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने हेतु भर्ती कैंप का आयोजन किया जा रहा है। भर्ती प्रक्रिया का संचालन सिक्योरिटी स्किल काउंसिल इंडिया लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। भर्ती कैंप प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक आयोजित होंगे। शिविर 20 मई 2026 को जनपद पंचायत आजीविका भवन, चाचौड़ा, 21 मई 2026 को जनपद पंचायत आजीविका भवन, कुंभराज, 22 मई 2026 को जनपद पंचायत आजीविका भवन, राघोगढ़, 25 मई 2026 को जनपद पंचायत आजीविका भवन, बमोरी, 26 मई 2026 को जिला पंचायत विश्राम गृह (शुभ विदाई गार्डन), गुना एवं 28 मई 2026 को जनपद पंचायत आजीविका भवन, आरोन में आयोजन किया जायेगा।
सिक्योरिटी गार्ड पद हेतु अभ्यर्थी की शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास अथवा फेल, आयु 19 से 40 वर्ष तथा ऊंचाई न्यूनतम 168 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
सिक्योरिटी सुपरवाइजर पद हेतु अभ्यर्थी का 12वीं पास होना, कंप्यूटर कोर्स एवं एनसीसी होना आवश्यक है। इसके लिए आयु सीमा 21 से 40 वर्ष, ऊंचाई न्यूनतम 170 सेंटीमीटर, वजन 56 से 90 किलोग्राम तथा सीना 80 से 85 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है।
अभ्यर्थियों को भर्ती स्थल पर 10वीं की अंकसूची की छायाप्रति, एक पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। चयनित उम्मीदवारों का पंजीयन शुल्क 350 रुपये ऑनलाइन जमा कराया जाएगा।
चयनित अभ्यर्थियों को एक माह का प्रशिक्षण प्रदान कर विभिन्न औद्योगिक एवं प्रतिष्ठित संस्थानों में नियुक्ति दी जाएगी। इनमें दिल्ली का लाल किला, इंदौर एयरपोर्ट, चित्तौड़ किला, भोपाल एम्स, चंदेरी म्यूजियम, एसबीआई बैंक, आईडीबीआई बैंक, अयोध्या राम मंदिर, बागेश्वर धाम एवं आगरा ताजमहल सहित अन्य संस्थान शामिल हैं। चयनित उम्मीदवारों को 14 हजार से 25 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन प्रदान किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, मेडिकल सुविधा, दुर्घटना बीमा एवं पदोन्नति जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही अभ्यर्थियों के दो बच्चों की पढ़ाई आईपीसी स्कूल देहरादून में कराने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
