गेल विजयपुर जाने वाले अंडरपास की तत्काल मरम्मत कराने की मांग।
विजय कुमार जैन ने मंडल रेल प्रबंधक को पत्र भेजा
राघौगढ़ 14 मई। सांसद प्रतिनिधि एवं रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति मंडल भोपाल के सदस्य विजय कुमार जैन ने मंडल रेल प्रबंधक भोपाल पंकज त्यागी को पत्र भेज कर मांग की है कि रुठियाई मक्सी रेल लाइन स्थित साडा कॉलोनी राघौगढ़ से गेल ल विजयपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित अंडरपास की मरम्मत तत्काल 18 मई से पूर्व कराई जाए।
विजय कुमार जैन ने मंडल रेल प्रबंधक को भेजे पत्र में उल्लेख किया है उक्त अंडर पास में जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। जिससे आए दिन दो पहिया वाहन गिर रहे हैं। आये दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। बरसात के मौसम में अंडरपास में पानी भर जाने से यातायात में परेशानी आती है। आपने यह भी उल्लेख किया है कि राघौगढ़ तहसील के ग्राम भैंसाना में श्री राम महायज्ञ का विराट आयोजन 18 मई से 28 मई 26 तक हो रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में मध्य प्रदेश एवं राजस्थान के लगभग 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं के भाग लेने की संभावना है।यज्ञ स्थल पर आने जाने के लिए श्रद्धालु इसी मार्ग का उपयोग करेंगे। आपने इस अंडरपास की तत्काल मरम्मत 18 मई से पूर्व प्राथमिकता से कराने का अनुरोध किया है। पत्र की प्रतिलिपि श्री दिग्विजय सिंह पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद राज्यसभा, श्री जयवर्धन सिंह पूर्व मंत्री एवं विधायक राघौगढ़,श्री दिलीप कुमार सिंह महाप्रबंधक पश्चिम मध्य रेल्वे परिमंडल जबलपुर, श्री सौरभ कटारिया वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भोपाल को भी भेजी है।
विजय कुमार जैन ने यह भी उल्लेख किया है भैंसाना में आयोजित श्री राम महा यज्ञ में यात्रियों को सुविधा देने के लिए उनके द्वारा गत 30 अप्रैल को मंडल रेल उपभोक्ता सलाहकार समिति भोपाल की बैठक में एवं श्री दिग्विजय सिंह पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा मार्च 2026 में पत्र भेजकर रेल विभाग से मांग की गई थी कि यज्ञ के दौरान दिनांक 18 मई से 28 मई तक बीना नागदा एक्सप्रेस ट्रेन का स्टॉपेज राघौगढ़ स्टेशन पर 1 मिनट से बढ़कर 5 मिनट किया जाए। कोटा इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस का स्टॉपेज राघौगढ़ स्टेशन पर यज्ञ के दौरान किया जाए। बीना रुठियाई मेमू ट्रेन को यज्ञ के दौरान मक्सी या उज्जैन तक बढ़ाया जाए इस मेमू ट्रेन को 24 घंटे में चार फेरे में चलाया जाए। आपने खेद सहित उल्लेख किया है कि जनहित के इन मांगों पर रेल विभाग द्वारा अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

