*गुना पुलिस का नशे पर निरंतर प्रहार*
धरनावदा थाना पुलिस की सतर्कता से अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार
*आरोपी से करीब 02 लाख मूल्य की अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं इन गतिविधयों में संलिप्त माफियाओं पर सतत निगरानी रखते हुए कठोर कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में धरनावदा थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा और उनकी टीम द्वारा अवैध मादक पदार्थ स्मैक तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्यवाही करते हुए करीब 02 लाख मूल्य की स्मैक के साथ अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की गई है ।
उल्लेखनीय है कि गत दिनांक 19 मई 2026 की शाम धरनावदा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक व्यक्ति राजस्थान तरफ से स्मैक लाकर उसे बेचने के उद्देश्य से छबडा रोड़ पर पार्वती नदी पुल के पास खड़ा है । थाना क्षेत्र में स्मैक तस्करी की उक्त सूचना को पुलिस ने गंभीरता लेते हुए तस्कर की धरपकड़ हेतु तत्काल धरनावदा थाने से पुलिस की एक टीम रवाना हुई और तुरंत छबडा रोड़ पर पार्वती नदी पुल के पास पहुंचकर देखा तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए का व्यक्ति खड़ा दिखा, जो पुलिस को देखते ही वहां से भागने लगा, जिसका पुलिस फोर्स द्वारा पीछा किया और उसे घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया गया । पूछताछ पर उसने अपना नाम कल्याण पुत्र कोमल सिंह केवट उम्र 40 साल निवासी रुठियाई थाना धरनावदा जिला गुना का बताया एवं मुखबिर सूचना के आधार पर जिसकी विधिवत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 13.59 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक अनुमानित कीमत करीब 1.95 लाख रुपये की बरामद हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और जिसके विरुद्ध धरनावदा थाने में अप.क्र. 101/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा आरोपी के स्मैक तस्करी के अन्य स्त्रोतों एवं संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है ।
नशे के विरुद्ध धरनावदा थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रुहिल शर्मा, सउनि विपिन कुमार तिर्की, प्रधान आरक्षक प्रदीप कुशवाह, प्रधान आरक्षक धीरेन्द्र सेंगर, आरक्षक रघुकुल मिश्रा, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक ऋषीकेश शर्मा, आरक्षक विनीत लोधी, आरक्षक सोनू जाटव एवं आरक्षक प्रधुमन शर्मा की विशेष भूमिका रही है ।
