*ऑनलाईन सट्टे के विरूद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्यवाही*
*आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टे के संगठित गिरोह का पर्दाफास*
राघौगढ़ थाना पुलिस द्वारा गिरोह का सक्रिय सदस्य किया गिरफ्तार, ऑनलाईन सट्टा गिरोह के सदस्यों पर पुलिस की सख्त कार्यवाही
*आरोपी से बरामद मोबाईल में मिला सट्टे के लगभग 02 लाख रूपये के ऑनालाईन ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में जुआ, सट्टा आदि अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने हेतु इन गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, तस्करों, कारोबारियों आदि के विरूद्ध निरंतर सख्त और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी राघौगढ़ श्रीमती दीपा डोडवे के पर्यवेक्षण में राघौगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट और उनकी टीम द्वारा आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाईन सट्टा संचालित कर रहे एक और संगठित गिरोह का पर्दाफास करते हुए गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
गौरतलब है कि दिनांक 19 मई 2026 की रात राघौगढ़ थाना पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम नौहर की पुलिया के पास एक व्यक्ति आईपीएल क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहा है ।
ऑनलाईन सट्टे की उक्त सूचना को पुलिस द्वारा गंभीरता से लेते हुए राघौगढ़ थाने से तुरंत पुलिस की एक टीम कार्यवाही हेतु रवाना हुई । पुलिस टीम द्वारा बिना कोई देरी किए तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई, जहां पर एक संदिग्ध व्यक्ति मोबाइल फोन पर गतिविधियां करते हुए दिखाई दिया, उसे पुलिस फोर्स द्वारा तत्परता दिखाते हुए पकड़ा गया । पूछताछ पर उसने अपना नाम नीरज पुत्र भूरालाल यादव उम्र 25 साल निवासी ग्राम नौहर थाना राघौगढ़ जिला गुना का बताया । पुलिस द्वारा उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर उसमें ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट्स एवं आईडी संचालित होना पाया गया । पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि आईपीएल क्रिकेट मैचों पर सट्टा खेलने-खिलाने का उनका एक संगठित गिरोह है । उक्त सट्टा आईडी उसे गुना निवासी शशांक सिसौदिया उर्फ कानू ने शिवम जैन निवासी गुना से दिलवाई है इसके अलावा भी शिवम जैन से और भी कई लोग ऑनलाईन सट्टे की क्लाइंट, एजेन्ट आईडी लेकर सट्टा खेलते हैं । सट्टा खेलने-खिलाने के इस गिरोह में और भी अन्य लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनके संबंध में पुलिस द्वारा जांच की जा रही है । आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाईल फोन की जांच करने पर उसमें सट्टे के करीबन 02 लाख रूपये के ऑनलाईन ट्रांजेक्शन का रिकॉर्ड मिला है, प्रकरण में अभी जांच जारी है ।
ऑनलाईन क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे गिरोह के तीनों नामजद सदस्यों के विरूद्ध राघौगढ़ थाने में अप.क्र. 114/26 धारा 4(क) सट्टा अधिनियम एवं 112(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया । गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि ऑनलाइन सट्टा एवं अवैध गतिविधियों से दूर रहें, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें ।
ऑनलाईन सट्टे के विरुद्ध राघौगढ़ थाना पुलिस की इस सफल कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अजय जाट, सउनि सीताराम धुर्वे, आरक्षक बलभद्र सिंह चौहान, आरक्षक अमित जाट, आरक्षक अनुज रघुवंशी, आरक्षक रंजीत कुमार, आरक्षक पपेन्द्र रावत एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव का सराहनीय योगदान रहा है ।
