*गुना पुलिस की अवैध शराब के विरूद्ध सतत कार्यवाही*
केंट थाना पुलिस ने अवैध शराब के साथ तस्कर किया गिरफ्तार
*आरोपी से हाथ भट्टी की बनी कच्ची शराब सहित तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल जप्त*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवदेनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में विभिन्न अवैध एवं अनैतिक गतिविधियों में संलिप्त माफियाओं, कारोबारियों, तस्करों आदि सतत एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमति प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा अवैध शराब के विरूद्ध महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए मोटर सायकिल पर अवैध कच्ची शराब के साथ शराब तस्कर गिरफ्तार किया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 26 मई 2026 की रात केंट थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ए.बी. रोड़ से मसनयाई के रास्ते पर एक व्यक्ति सेंट्रो रॉक स्टार मोटर सायकिल क्रमांक MP08 MN 0876 पर प्लास्टिक की बड़ी-बड़ी दो कैनों में अवैध कच्ची शराब लेकर उसे बेचने के उद्देश्य से खड़ा है । थाना क्षेत्र में अवैध शराब बिक्रय की सूचना के मिलते ही सूचना की तस्दीक और कार्यवाही हेतु केंट थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम रवाना हुई । टीम द्वारा तुरंत मसनयाई के रास्ते पर मुखबिर की बताई जगह पर पहुंचकर देखा तो वहां पर मुखबिर के बताए हुलिए की मोटर सायकिल के साथ एक व्यक्ति खड़ा दिखा, पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे भागने का मौका न देते हुए घेराबंदी कर पकड़ लिया गया, जिसने पूछताछ पर अपना नाम पप्पू पुत्र कमल सिंह कलावत उम्र 40 साल निवासी ग्राम मसनयाई थाना केंट गुना का बताया एवं जिसकी मोटर सायकिल पर बंधी कैनों की जांच करने पर उनमें हाथ भट्टी पर निर्मित कुल 60 लीटर अवैध कच्ची शराब भरी हुई पाई गई । पुलिस द्वारा आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध शराब एवं जिसकी तस्करी में प्रयुक्त मोटर सायकिल को विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया और जिसके विरुद्ध केंट थाने में अपराध क्रमांक 389/26 धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया है ।
केंट थाना पुलिस की अवैध शराब के विरुद्ध इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, प्रधान आरक्षक गौरीशंकर सांसी, आरक्षक राजू बघेल एवं आरक्षक शुभम रघुवंशी की सराहनीय भूमिका रही है ।
