Type Here to Get Search Results !

ग्राम पंचायत अमोरा में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन

 ग्राम पंचायत अमोरा में हुआ जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन


कलेक्टर सहित जनप्रतिनिधियों ने की योजनाओं के लाभ लेने की अपील



अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट 


जांजगीर चाम्पा -  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण तथा नागरिकों को सरल , पारदर्शी एवं सुगम सेवायें उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में सुशासन तिहार अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किये जा रहे हैं। इसी क्रम में बुधवार को जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत अमोरा स्थित शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत अमोरा के क्लस्टर अंतर्गत अमोरा , सेंदरी , महंत , खैरा , दर्री , घुठिया , चौराभांठा , अंवरीद , चोरभट्ठी , बुड़ेना , जगमहंत , सिऊंड़ , दहिदा , बरबसपुर , सेमरा , तेन्दुआ , गिद्धा , पोंड़ी एवं कोटिया ग्राम पंचायत शामिल हुये। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाये गये स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही अतिथियों ने पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक योजनाओं से लाभान्वित किया गया। इस दौरान हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र , किसान किताब , बी-1, राशन कार्ड , आयुष्मान कार्ड , नक्शा-खसरा , चेक एवं सम्मान पत्र वितरित किये गये। इस दौरान स्व-सहायता समूहों की दीदियों को स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देने हेतु ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत निर्मित आवासों की चाबियां हितग्राहियों को सौंपी गईं। शिविर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। जनपद पंचायत नवागढ़ के ग्राम पंचायत अमोरा में आयोजित शिविर में कुल 1320 आवेदन प्राप्त हुये , जिनमे 1203 मांग एवं 117 शिकायत से संबंधित है। पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कहा कि शासन द्वारा सभी वर्गों के लिये विभिन्न जनकल्याणकारी योजनायें संचालित की जा रही हैं। इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता के बीच जाकर संवाद करना , उनकी समस्याओं पर चर्चा कर उनका समाधान करना है। समस्याओं एवं मांगों के त्वरित निराकरण के लिये शिविर लगाये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी , उनकी प्रक्रिया एवं लाभों के बारे में आमजन को अधिक से अधिक जागरूक करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्टॉल के माध्यम से योजनाओं की जानकारी , लाभ एवं प्रक्रिया के बारे में विस्तार से लोगों को अवगत करायें। उन्होंने जल संरक्षण , जल के सदुपयोग एवं अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सभी नागरिकों को सुशासन तिहार का अधिक से अधिक लाभ उठायें। वहीं कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि गांव का प्रत्येक व्यक्ति अपनी मांग व समस्या खुलकर बता सके और उसका समय-सीमा में निराकरण और पारदर्शिता सुनिश्चित हो यही सुशासन तिहार का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि समस्याओं के निराकरण की जानकारी संबंधित हितग्राहियों को दी जायेगी तथा सभी विभाग समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं में ई-केवाईसी कराने में किसी प्रकार की राशि नहीं लगती है और सभी हितग्राहियों से ई-केवाईसी कराने की अपील की। कलेक्टर ने शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताते हुये अभिभावकों को स्कूल से जुड़ने , पैरेंट्स मीटिंग में नियमित रूप से शामिल होने की अपील की। कलेक्टर ने पीएम सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुये कहा कि इस योजना के तहत सब्सिडी का लाभ लेकर लोग सोलर ऊर्जा अपनाकर आर्थिक बचत कर सकते हैं। उन्होंने योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू , घासीराम कश्यप , श्रीमती आरती तिवारी , अखिलेश भीष्म ,रामसाय खुटे , राजकुमार कश्यप , लखनलाल साहू , अमन प्रताप सिंह , सरपंच राकेश कुमार कश्यप , जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे , जनपद पंचायत नवागढ़ सीईओ बी आर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि , अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


गुरूवार को ग्राम पंचायत बिलारी में होगा शिविर का आयोजन


सुशासन तिहार अंतर्गत 21 मई गुरूवार को जनपद पंचायत पामगढ़ के ग्राम पंचायत बिलारी स्थित शा.पू.मा.शाला बिलारी में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाएगा। इस क्लस्टर में बिलारी, धरदेई, लोहर्सी, महका, मेंहदी, बंुदेला, भंवतरा, पनगांव, कोसला, पेण्ड्री, बारगांव, चेउडीह, कुटराबोड़, भदरा, डुड़गा, मुड़पार ब, मेंउ, कोहका, पकरिया कुल 19 ग्राम पंचायत शामिल रहेंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.