हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं महिलाएं – कलेक्टर श्री कन्याल
जिला कलेक्ट्रेट में ‘लाड़ली लक्ष्मी उत्सव’ का भव्य आयोजन, प्रतिभाशाली बालिकाएं हुईं सम्मानित
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में जिला स्तरीय ‘लाड़ली लक्ष्मी उत्सव’ का आयोजन जनसुनवाई कक्ष, कलेक्ट्रेट गुना में गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता गुप्ता एवं विशिष्ट अतिथि कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर श्रीमती सविता गुप्ता ने उपस्थित बालिकाओं का स्वागत करते हुए ‘लाड़ली लक्ष्मी उत्सव’ की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह उत्सव बेटियों के सशक्तिकरण और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए समर्पित है। कार्यक्रम में उपस्थित श्री रमेश मालवीय द्वारा प्रतिभागियों को लाड़ली उत्सिव कार्यक्रम की बधाई दी गई।
विशिष्ट अतिथि कलेक्टर श्री कन्याल ने अपने संबोधन में कहा कि ‘लाड़ली लक्ष्मी योजना’ बालिकाओं के हित में एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने बताया कि सरकार बालिकाओं की देखभाल जन्म से पूर्व ही सुनिश्चित करती है तथा उनके स्वास्थ्य, टीकाकरण, शिक्षा और उच्च शिक्षा तक वित्तीय सहायता प्रदान करती है।
कलेक्टर श्री कन्याल ने 10वीं कक्षा में बिना कोचिंग के 85 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाली बालिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन अन्य छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जिले में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत महिला अधिकारियों का उदाहरण देते हुए बताया कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग श्री अब्दुल गफ्फार ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इसका उद्देश्य लिंगानुपात में सुधार, बालिका शिक्षा को बढ़ावा और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती दीपा शर्मा, परियोजना अधिकारी गुना ग्रामीण द्वारा किया गया। इस दौरान उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।
जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर भी ‘लाड़ली लक्ष्मी उत्सव’ का आयोजन किया गया, जहां बालिकाओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए एवं उनके द्वारा पौधारोपण किया गया। कार्यक्रम के अंत में श्रीमती दीपा शर्मा ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
