Type Here to Get Search Results !

म्याना थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही से नाबालिग किशोरी सुरक्षित बरामद

 म्याना थाना पुलिस की तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही से नाबालिग किशोरी सुरक्षित बरामद


*राजस्थान के खाटूश्याम से अपहृता को दस्तयाब कर उसके अपहरण व दुष्कर्म का आरोपी किया गिरफ्तार*



                गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों पर घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेकर इनमें त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र से नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में सराहनीय कार्यवाही करते हुए अपहृता को राजस्थान के खाटूश्याम से सुरक्षित दस्तयाब कर उसके अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है ।     


                 प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 27 अप्रैल 2026 को एक भाई द्वारा म्याना थाने में अपनी नाबालिग बहन के घर से बिना बताए चले जाने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । इस दौरान फरियादी ने बताया कि दिनांक 26 अप्रैल 2026 की रात्रि में उसकी बहन घर से अचानक बिना बताए कहीं चली गई है, जिसकी काफी तलाश करने के बाद भी उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका है । जिसकी रिपोर्ट पर से म्याना थाने में अपराध क्रमांक 95/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । 


                प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए म्याना थाना पुलिस द्वारा त्काल किशोरी की तलाश शुरू की गई । इस हेतु पुलिस द्वारा अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय करते हुए विभिन्न तकनीकी संसाधनों का गहन विश्लेषण किया गया तथा सभी संभावित स्थानों पर अपहृता की निरंतर खोजबीन की गई । जिसकी तलाश के क्रम में अपहृता के राजस्थान के खाटूश्याम में होने की जानकारी मिलने पर म्याना थाने से पुलिस की एक टीम खाटूश्याम रवाना की गई, जहां पर पुलिस टीम द्वारा की सरगर्मी से तलाश करते हुए अंतत: दिनांक 05 मई 2026 को अपहृत किशोरी को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया । साथ ही पुलिस द्वारा अपहृता के साथ मौजूद संदेही कृष्णकांत बैरागी को भी हिरासत में लेकर दोंनो को म्याना थाना लाया गया ।


               दस्तयाबी उपरांत पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि रूठियाई निवासी कृष्णकांत बैरागी उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ गलत काम किया । इसके बाद पुलिस ने आरोपी कृष्णकांत के विरुद्ध प्रकरण में धारा 64(1), 64(2)(m) बीएनएस एवं 5L/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा कर आरोपी कृष्णकांत पुत्र प्रेमदास बैरागी निवासी श्यामनगर रूठियाई थाना धरनावदा जिला गुना को विधिवत गिरफ्तार किया गया और जिसे माननीय न्‍यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया है ।


               म्याना थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया, ऊमरी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक रचना खत्री, प्रधान आरक्षक ओमकांत खटीक, आरक्षक रंजीत जाटव, महिला आरक्षक पूनम रघुवंशी, महिला आरक्षक दीपशिका लोधी एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक भूपेंद्र खटीक की महत्‍वपूर्ण भूमिका रही है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.