महिला अधिवक्ता की हत्या करने का आरोपी विवाहित प्रेमी जेल दाखिल
शादी का दबाव बनाने पर कर दी हत्या
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायगढ़ - दो वर्षों से प्रेम संबंध होने के चलते शादी को लेकर लगातार दबाव बनाये जाने पर गला दबाकर बेहोश करने और पत्थर एवं धारदार हथियार से हमला कर महिला की हत्या करने के आरोपी विवाहित प्रेमी को पूंजीपथरा पुलिस ने विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस वार्ता में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने इस अंधेकत्ल का खुलासा करते हुये बताया कि विगत दिवस 12 मई को थाना पूंजीपथरा पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम पूंजीपथरा के कटेल टिकरा जंगल अंदर शासकीय जमीन पर एक अज्ञात महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर एडिशनल एसपी अनिल सोनी , डीएसपी सुशांतो बनर्जी , थाना प्रभारी रामकिंकर यादव , एफएसएल , डॉग स्क्वॉड टीम एवं थाना स्टाफ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर महिला का शव नग्न अवस्था में मिला था। ग्राम कोटवार अयोध्या प्रसाद माझी ने जंगल में लकड़ी लेने के दौरान शव देख पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को सुरक्षित रखवाया और महिला की पहचान के प्रयास शुरू किये। घटना के संबंध में थाना पूंजीपथरा में अज्ञात आरोपी पर अपराध क्रमांक 108/2026 धारा 103(1) , 238 बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। जांच के दौरान थाना चक्रधरनगर में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्ट से महत्वपूर्ण सुराग मिला , मृतिका के परिजनों को घटनास्थल से बरामद कपड़े , सैंडल और फोटोग्राफ्स दिखाये जाने पर मृतिका की पहचान अधिवक्ता आराधना सिदार उम्र 31 वर्ष निवासी ग्राम - केकराझरिया , लैलूंगा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मृतिका के कॉल डिटेल , तकनीकी साक्ष्य और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक मोटरसाइकिल पर मृतिका को ले जाते दिखाई दिया। बाइक नंबर के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और सक्ती निवासी लोकनाथ पटेल को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका मृतिका के साथ पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी पहले से विवाहित था और मृतिका द्वारा शादी को लेकर लगातार दबाव बनाया जा रहा था। पूछताछ में आरोपी लोकनाथ पटेल ने बताया कि 09 मई की रात उसने आराधना से बात कर अगले दिन मिलने का प्लान बनाया और 10 मई को वह मोटरसाइकिल से उसे अपने साथ लेकर पहले सक्ती और दमाऊधारा मंदिर गया , शाम को दोनों सक्ती स्थित एक लॉज में रुके जहां आरोपी ने फर्जी नाम से कमरा लिया। आरोपी ने बताया कि शादी को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और उसी दौरान उसने हत्या की योजना बनाई। अगले दिन सुबह वह आराधना को बाइक से सुनसान जंगल क्षेत्र लेकर गया , जहां मौका पाकर पहले गला दबाकर उसे बेहोश किया , फिर पत्थर और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घटनास्थल पर साक्ष्य छिपाने की कोशिश की , खून साफ किया और घर लौट गया। शक से बचने के लिये उसने मृतिका के मोबाइल का इस्तेमाल कर उसकी बहन और सहेलियों से महिला की आवाज निकालकर बातचीत भी की , ताकि किसी को घटना की भनक ना लगे। आरोपी के कब्जे से मृतिका का उपयोग किया जा रहा मोबाइल फोन , घटना समय पहने कपड़े तथा अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किये गये हैं। धारा सदर अपराध सबूत पाये जाने से थाना पूंजीपथरा पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उसे न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन , एडिशनल एसपी अनिल सोनी , डीएसपी सुशांतो बनर्जी के मार्गदर्शन पर प्रकरण का खुलासा करने में निरीक्षक रामकिंकर यादव , एएसआई उमाशंकर विश्वाल एवं हमराह स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
गिरफ्तार आरोपी
लोकनाथ पटेल पिता रामप्रसाद पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम - चारपारा , थाना - सक्ती , जिला - सक्ती (छत्तीसगढ़)।
एसएसपी शशि मोहन सिंह का संदेश
रायगढ़ पुलिस हर गंभीर अपराध की तह तक जाकर वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपियों तक पहुंच रही है। कानून से बचने की कोशिश करने वाले अपराधियों के लिये जिले में कोई जगह नहीं है।
