सुशासन तिहार के औचक निरीक्षण में कोसला पहुंचे सीएम साय
पीपल पेंड़ के नीचे खाट पर बैठकर सुनी समस्यायें
अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
जांजगीर चाम्पा - छत्तीसगढ़ में इन दिनों में चल रहे सुशासन तिहार के बीच आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अचानक जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला पहुंचे। मुख्यमत्री का हेलिकॉप्टर गांव में उतरते ही पूरे क्षेत्र के राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों में हलचल तेज हो गई। मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गये। ग्रामीणों ने आत्मीयता और उत्साह के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। गांव में मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर लोगों में खासा उत्साह और उल्लास देखने को मिला। यहां मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध माता कौशल्या मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं छत्तीसगढ़ की खुशहाली के लिये प्रार्थना की। मुख्यमंत्री के मंदिर परिसर पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों , मंदिर सेवा समिति एवं ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक लोकनृत्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। मंदिर सेवा समिति की ओर से मुख्यमंत्री साय को माता कौशल्या मंदिर का आकर्षक छायाचित्र स्मृति स्वरूप भेंट किया गया। साथ ही समिति के सदस्यों ने केंद्र सरकार की प्रसाद योजना में कोसला धाम को शामिल करने की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का अवलोकन किया और स्थानीय श्रद्धालुओं से भी आत्मीय संवाद किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने पीपल पेंड़ के नीचे खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्यायें सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिश-निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का मुख्य उद्दश्य शासन को जनता के द्वार तक पहुंचाना और समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री एवं वित्त मंत्री ओ. पी. चौधरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी ग्रामीणों से चर्चा कर शासन की योजनाओं की जानकारी ली और उनके क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिये कि जनसमस्याओं के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। मुख्यमंत्री के इस अचानक दौरे से जहां प्रशासनिक व्यवस्था की सक्रियता सामने आई , वहीं ग्रामीणों को अपनी बात सीधे शासन के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने का अवसर भी मिला। बताते चलें कि सुशासन तिहार के तहत विभिन्न योजनाओं की जमीनी स्थिति , प्रशासनिक व्यवस्थाओं और ग्रामीणों की समस्याओं का सीधे फीडबैक लेने मुख्यमंत्री यहां पहुंचे। उनके इस औचक दौरे से स्थानीय प्रशासन भी पूरी तरह सक्रिय नजर आया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह , मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित ग्रामीणजन उपस्थित थे।
