Type Here to Get Search Results !

जामनेर, मृगवास एवं मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस का अवैध गांजा तस्करी एवं खेती पर सख्त शिकंजा

 *नशे के विरुद्ध गुना पुलिस की लगातार कार्यवाही*


जामनेर, मृगवास एवं मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस का अवैध गांजा तस्करी एवं खेती पर सख्त शिकंजा


*गांजे के अवैध कारोबार में संलिप्त 03 आरोपी गिरफ्तार*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, तस्करी एवं नशे के कारोबार में संलिप्त तत्वों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में जिले के थाना मृगवास, मधुसूदनगढ़ एवं जामनेर पुलिस द्वारा अपने अपने क्षेत्र में गांजे के विरुद्ध अलग-अलग कार्यवाहियां करते हुए नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से करीबन साढ़े चार किलोग्राम बजनी गांजा एवं गांजे के हरे पौधे जप्त किए गए हैं ।  


*थाना मृगवास :-*

               दिनांक 21 मई 2026 की रात्रि में मृगवास थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि कुम्भराज की ओर से लाल रंग की अपाचे मोटर सायकिल पर एक व्यक्ति गांजा लेकर सानई तरफ आ रहा है । गांजा तस्करी की इस सूचना के मिलते ही मृगवास थाने से तत्काल पुलिस की एक टीम सानई-मृगवास रोड़ स्थित पीपलखेड़ी तालाब के पास पहुंची और घात लगाकर संदेही के आने का इंतजार किया, जहां पर कुछ ही समय बाद मुखबिर के बताए हुलिए की मोटर साइकिल पर संदिग्ध व्यक्ति के आने पर पुलिस टीम द्वारा तत्परता से घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया । पूछताछ में उसने अपना नाम तेजकरण पुत्र कल्याण मीना उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम डोंगर थाना विजयपुर, हाल निवासी कुंभराज जिला गुना का बताया । आरोपी की विधिवत तलाशी लेने पर उसके पास मिले थैले से 1.233 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ । पुलिस द्वारा आरोपी से बरामद गांजा एवं घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल सहित कुल 02 लाख मूल्य का मशरूका विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं जिसके विरुद्ध मृगवास थाने में अपराध क्रमांक 52/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है । नशे के विरूद्ध इस कार्यवाही में मृगवास थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप यादव, सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, सउनि राजेश भिलाला, सउनि केदार सिंह सगर, आरक्षक सोहन अनारे, आरक्षक नीरज धाकड़, राहुल यादव, आरक्षक राहुल बघेल, आरक्षक रवि यादव एवं साईबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव व आरक्षक कुलदीप भदौरिया की सराहनीय भूमिका रही है ।


*थाना मधुसूदनगढ़ :-*

               इसी प्रकार दिनांक 21 मई 2026 की रात्रि को मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम तोरई रोड़ पर एक व्यक्ति अवैध गांजा लेकर उसे बेचने की तैयारी में बैठा हुआ है । सूचना की तस्दीक एवं कार्यवाही हेतु पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी गोपाल पुत्र पर्वत सिंह यादव उम्र 48 वर्ष निवासी ग्राम तोरई थाना मधुसूदनगढ़ को पकड़ लिया गया । जिसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 1.115 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ, जिसे पुलिस द्वारा विधिवत जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया एवं जिसके विरुद्ध मधुसूदनगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 79/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया है । नशे के विरुद्ध इस कार्यवाही में मधुसूदनगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गोपाल चौबे, सउनि अजय सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक संदीप कुमार, आरक्षक देव सिकरवार, आरक्षक शैलेन्द्र, आरक्षक पुष्पेन्द्र, आरक्षक अजय, आरक्षक रामनिवास, आरक्षक विनीत तथा मृगवास थाने से सानई चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी एवं आरक्षक सोहन अनारे की विशेष भूमिका रही है ।


*थाना जामनेर :-*

               वहीं जामनेर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम केरगढ़ निवासी करण सिंह भील द्वारा अपने घर के पास स्थित खोड़ा में गांजे के पौधे लगाए गए हैं । सूचना मिलते ही जामनेर थाना पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही की गई । पुलिस ने आरोपी करण सिंह पुत्र हजारीलाल भील उम्र 69 वर्ष निवासी ग्राम केरगढ़ थाना जामनेर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से खोडा में लगे गांजे के 15 नग हरे पौधे विधिवत जप्त किए एवं आरोपी के विरुद्ध जामनेर थाने में अपराध क्रमांक 87/26 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है । नशे के विरूद्ध इस कार्यवाही में जामनेर थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज मेहरा, उपनिरीक्षक हेमेन्द्र सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक अवधेश पाण्डे, प्रधान आरक्षक महेन्द्र मीना, प्रधान आरक्षक गिरजेश मीना, प्रधान आरक्षक राहुल भदौरिया, आरक्षक पेजाब सिंह गुर्जर एवं आरक्षक गजेन्द्र सिंह गुर्जर की विशेष भूमिका रही है ।


               इस प्रकार गुना पुलिस द्वारा जिले में नशे के विरूद्ध संचालित विशेष अभियान के तहत थाना मृगवास, मधुसूदनगढ़ एवं जामनेर पुलिस द्वारा गांजे के विरुद्ध तीनों कार्यवाहियों में करीबन साढ़े चार किलोग्राम गांजा एवं गांजे के हरे पौधे कुल कीमती 70 हजार रूपये तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटर सायकिल कीमती 1.50 लाख रूपये सहित कुल तकरीबन 2.20 लाख मूल्य का मशरूका जप्त किया गया है ।  


               गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री एवं नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही आगे भी निरंतर जारी रहेगी । गुना पुलिस की आमजन से भी अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.