Type Here to Get Search Results !

दुर्घटना नहीं, निकली सुनियोजित हत्या — कुम्भराज थाना पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा

 दुर्घटना नहीं, निकली सुनियोजित हत्या — कुम्भराज थाना पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा


*पुरानी रंजिश में पिकअप वाहन से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या करने वाला आरोपी गिरफ्तार*


*गहन विवेचना और सूक्ष्म जांच से सामने आई सच्चाई, हत्यारोपी जेल पहुंचा*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं निर्णायक कार्यवाहियां की जा रही हैं । विशेष रूप से गंभीर एवं हिंसक अपराधों के मामलों में गहन जांच एवं त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित कर अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जा रहा है । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चाचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में कुम्भराज थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के ग्राम खेजड़ारामा में सड़क दुर्घटना में बुजुर्ग की मृत्यु के मामले का सनसनीखेज खुलासा करते हुए पुरानी रंशिज में सुनियोजित तरीके से पिकअप वाहन से कुचलकर बुजुर्ग की हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है । 


               उल्लेखनीय है कि दिनांक 02 मार्च 2026 को कुम्भराज थाना क्षेत्र के ग्राम खेजड़ारामा निवासी 70 वर्षीय रामप्रसाद लोधा एक पिकअप वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए  थे । इस संबंध में उनके पुत्र लाल सिंह लोधा की रिपोर्ट पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध कुम्भराज थाने में अप.क्र. 281, 125(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर पुलिस द्वारा विवेचना प्रारंभ की गई । दिनांक 03 जून 2026 को गुना जिला चिकत्सालय में उपचार के दौरान घायल रामप्रसाद लोधा की मृत्यु हो गई थी ।  


          प्रारंभिक रूप से मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा था, किंतु पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी गहन एवं निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए गए । निर्देशों के पालन में कुम्भराज थाना पुलिस ने घटना स्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य संकलित किए तथा मृतक के परिजनों एवं अन्य गवाहों के कथनों का विस्तृत परीक्षण किया । विवेचना के दौरान प्राप्त परिस्थितिजन्य साक्ष्यों एवं अन्य तथ्यों के आधार पर यह तथ्य सामने आया कि ग्राम खेजड़ारामा निवासी चिंतामल लोधा ने पुरानी रंजिश के चलते योजनाबद्ध तरीके से अपने पिकअप वाहन से रामप्रसाद लोधा को टक्कर मारकर उनकी हत्या की थी ।


               जांच में हत्या के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस द्वारा प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस की वृद्धि कर आरोपी चिन्तामल लोधा की तलाश प्रारंभ की गई । लगातार प्रयासों के दौरान दिनांक 20 जून 2026 को मुखबिर से प्राप्त सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी करते हुए आरोपी चिंतामल पुत्र स्व. मथुरालाल लोधा उम्र 37 वर्ष निवासी ग्राम खेजड़ारामा थाना कुम्भराज जिला गुना  को गिरफ्तार कर लिया एवं आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।


               कुम्भराज थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय एवं प्रभावी कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज त्यागी, उपनिरीक्षक होतम सिंह बघेल, सउनि तुलराम जाटव, आरक्षक सत्येन्द्र गुर्जर, आरक्षक सुनील धाकड़ एवं आरक्षक अवनीश जाट की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।


            गुना पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि किसी भी गंभीर अपराध को छिपाने या दुर्घटना का रूप देने का प्रयास करने वाले अपराधियों को कानून से बचने नहीं दिया जाएगा । अपराध चाहे कितना भी पुराना या जटिल क्यों न हो, गुना पुलिस निष्पक्ष जांच एवं प्रभावी कार्यवाही के माध्यम से सत्य को सामने लाकर दोषियों को न्यायालय तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.