Type Here to Get Search Results !

गुना की आधुनिक फल-सब्जी मंडी का केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने किया भूमि पूजन

गुना की आधुनिक फल-सब्जी मंडी का केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने किया भूमि पूजन

50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी मंडी, किसानों और व्यापारियों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं – केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया 



गुना 

केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने रविवार को सिंघाड़ी रोड स्थित नवीन फल-सब्जी मंडी परिसर में आधुनिक फल-सब्जी मंडी का भूमि पूजन किया। 3.259 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित होने वाली यह मंडी किसानों और व्यापारियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगी। इससे फल-सब्जियों की आवक बढ़ने के साथ मंडी समिति की आय में भी वृद्धि होगी तथा किसानों को अपनी उपज का बेहतर और प्रतिस्पर्धी मूल्य मिल सकेगा।


50 साल की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनेगी मंडी

कार्यक्रम में केन्‍द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि गुना के विकास के साथ इसकी आवश्यकताएं भी बढ़ी हैं और उनका निरंतर प्रयास रहा है कि शहर को बेहतर आधारभूत सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि बनने वाली नई फल-सब्जी मंडी अत्याधुनिक होगी और आने वाले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित की जाएगी। इससे किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं सभी को लाभ मिलेगा।

गुना की पहचान देश-विदेश तक पहुंचे

उन्होंने कहा कि गुना गेहूं, चना, सरसों, फल और गुलाब उत्पादन की अपार क्षमता रखता है। उनकी कल्पना है कि गुना का गुलाब विदेशों तक अपनी पहचान बनाए। नई मंडी कृषि और उद्यानिकी उत्पादों के विपणन को नई दिशा देगी तथा जिले की आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।

विकास कार्यों की दिलाई याद

केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि गुना में 52 करोड़ रुपये की लागत से नवीन अस्पताल का निर्माण प्रारंभ हो चुका है। युवाओं के लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का भूमि पूजन भी किया जा चुका है, जिससे खेल सुविधाओं के लिए अब भोपाल या इंदौर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने बताया कि ग्वालियर से इंदौर तक फोरलेन सड़क बनने से आवागमन सुगम हुआ है तथा फतेहगढ़ फ्लाईओवर को भी स्वीकृति मिल चुकी है।

प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हो रहा सर्वांगीण विकास

श्री सिंधिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के किसान, महिलाएं, गरीब और युवा लगातार प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं। उन्होंने आयुष्मान भारत योजना और प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे करोड़ों परिवारों को सीधा लाभ मिल रहा है।

साइबर फ्रॉड से बचाव का दिया संदेश

कार्यक्रम के दौरान 'सेल्फ क्लिक 2.0' अभियान के अंतर्गत पुलिस प्रशासन ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। इस अवसर पर एकलव्‍य विद्यालय परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने के लिए जागरूक भी किया गया।

   इस अवसर पर भाजपा जिलाध्‍यक्ष श्री धर्मेन्‍द्र सिंह सिकरवार, नगर पालिका अध्‍यक्ष श्रीमति सविता अरविन्‍द्र गुप्‍ता, जिला पंचायत अध्‍यक्ष श्री अरविन्‍द्र धाकड़, पूर्व मंत्री श्री महेन्‍द्र सिंह सिसौदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्‍य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमति हितिका वासल एवं अन्‍य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में मंडी सचिव आर.पी. सिंह ने आभार व्यक्त किया।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.