गुना पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से तिहरे हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा
*मात्र 07 घंटे में अंधे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई, दो आरोपी गिरफ्तार*
*अवैध संबंध एवं संपत्ति हड़पने की लालच बनी हत्या की वजह, तीसरे आरोपी की तलाश जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल, संवेदनशील एवं प्रभावी नेतृत्व में गुना पुलिस ने एक सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पर्दाफाश करते हुए मात्र 07 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है । म्याना थाना क्षेत्र में घटित इस जघन्य घटना के खुलासे ने गुना पुलिस की त्वरित कार्यवाही, सूक्ष्म विवेचना एवं पेशेवर दक्षता को एक बार फिर सिद्ध किया है ।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना के पर्यवेक्षण में म्याना थाना प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह भदौरिया व उनकी टीम तथा एफएसएल, साइबर सेल, सीसीटीवी टीम, फिंगर प्रिंट विशेषज्ञ एवं डॉग स्क्वाड की संयुक्त टीम द्वारा मामले की गहन जांच की गई ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 21 जून 2026 को म्याना स्थित ओमप्रकाश शर्मा के खेत पर बने मकान से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची । मकान के एक बंद कमरे से लगभग 3-4 दिन पुरानी सड़ी-गली अवस्था में एक पुरुष का शव बरामद हुआ, जिसकी प्रारंभिक पहचान ओमप्रकाश शर्मा (56 वर्ष) के रूप में की गई । पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया तथा जांच प्रारंभ की ।
अगले ही दिन 22 जून 2026 को उसी मकान के दूसरे बंद कमरे से भी दुर्गंध आने पर पुलिस ने कमरे का ताला खुलवाया, जहां से एक महिला एवं एक पुरुष के शव बरामद हुए । महिला की पहचान बिन्दाबाई जाटव निवासी बदरवास जिला शिवपुरी हाल म्याना के रूप में हुई, जबकि दूसरे शव को प्रारंभ में रामकृष्ण जाटव का माना गया ।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल स्वयं घटनास्थल पर पहुंचीं और मामले की हर पहलू से गहन जांच के निर्देश दिए एवं स्वयं लगातार मॉनीटरिंग की गई । पुलिस द्वारा मृतकों के परिजनों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों से पूछताछ की गई । साथ ही पुलिस द्वारा कस्बे के कई सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले गए, जिसमें दिनांक 18 जून 2026 को कलारी के कस्बे की कैमरों की फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने राउण्डअप कर पूछताछ की गई जो मृतिका बिन्दा बाई की बहन का लड़का सुरेन्द्र जाटव निवासी ग्राम शाहपुर थाना म्याना का ज्ञात हुआ । इस दौरान मृतिका बिन्दाबाई के पुत्र सीताराम जाटव तथा उसकी बहन के लड़के सुरेन्द्र जाटव के कथनों में विरोधाभास एवं संदिग्धता पाए जाने पर उनसे गहन पूछताछ की गई ।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि बिन्दाबाई के ओमप्रकाश शर्मा से अवैध संबंध थे । इसी बात से नाराज होकर तथा ओमप्रकाश शर्मा की संपत्ति हड़पने के उद्देश्य से उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर दिनांक 18 जून 2026 की रात योजनाबद्ध तरीके से तीनों की गला दबाकर हत्या कर दी तथा साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शवों को अलग-अलग कमरों में बंद कर ताले लगा दिए ।
पुलिस ने मामले में आरोपी सीताराम जाटव (32 वर्ष) एवं सुरेन्द्र जाटव (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है । पूछताछ में एक अन्य आरोपी की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसकी पहचान कर ली गई है तथा उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं ।
गुना पुलिस की यह सफलता अपराधों के प्रति उसकी शून्य सहनशीलता, त्वरित प्रतिक्रिया एवं वैज्ञानिक जांच प्रणाली का उत्कृष्ट उदाहरण है । पुलिस द्वारा मामले के शेष पहलुओं की भी गंभीरता से जांच की जा रही है तथा फरार आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्यवाही की जाएगी ।
