Type Here to Get Search Results !

बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से डीजल टेंकर लूट के प्रकरण में पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही

 बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र से डीजल टेंकर लूट के प्रकरण में पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही


*मात्र 10 घंटे में आरोपी गिरफ्तार कर लूटा गया डीजल टैंकर किया बरामद*


*प्रभावी तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी तक पहुंची पुलिस, 04 लाख रुपये मूल्य का डीजल टैंकर बरामद*



               गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी एवं परिणाममुखी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में बजरंगगढ़ थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार और उनकी टीम द्वारा थानांतर्गत डीजल टेंकर लूट के प्रकरण का महज 10 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लूटा गया डीजल टैंकर बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है ।


               प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 11 जून 2026 को बजरंगगढ़ थाने में फरियादी राजकुमार जाट उम्र 40 वर्ष निवासी गोविंद गार्डन गुना के द्वारा दिनांक 11 जून 2026 की रात्रि में शनि मंदिर के पास स्थित मिट्टी की खदान के पास से आरोपी नरेन्द्र कुमार लोधी निवासी ग्राम पटपुरा जिला ललितपुर (उत्तर प्रदेश) द्वारा उसे डरा-धमकाकर जबरन डीजल से भरा टैंकर क्रमांक MP08 GA 1222 को छीनकर ले जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिसकी रिपोर्ट पर आरोपी राजकुमार जाट के विरूद्ध बजरंगगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 60/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।


               घटना की गंभीरता को देखते हुए बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा तत्काल आरोपी की तलाश प्रारंभ की गई । पुलिस द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का लगातार पीछा किया गया । पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पूर्व में एलएंडटी कंपनी, बजरंगगढ़ में कार्य कर चुका था तथा क्षेत्र से भलीभांति परिचित था । पुलिस द्वारा लगातार की गई पतारसी एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस द्वारा आरोपी के भागने के संभावित मार्गों की पहचान की । जांच में पता चला कि आरोपी लूटे गए टैंकर को लेकर गुना, अशोकनगर, चंदेरी, राजघाट होते हुए अपने पैतृक गांव पटपुरा जिला ललितपुर (उ.प्र.) पहुंच गया है ।


               इस जानकारी के मिलते ही बजरंगगढ़ थाने से पुलिस की एक टीम तत्काल आरोपी के गांव के लिए रवाना की गई । पुलिस टीम द्वारा तत्परता एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी नरेन्द्र पुत्र मेहरवान लोधी निवासी पटपुरा जिला ललितपुर (उ.प्र.) को गिरफ्तार कर लिया गया एवं  उसके कब्जे से लूटा हुआ डीजल टैंकर क्रमांक MP08 GA 1222 मय डीजल कुल अनुमानित मूल्य लगभग 4 लाख रुपये को बरामद कर विधिवत जप्त किया गया ।


               उल्लेखनीय है कि बरामद किया गया डीजल टैंकर प्रेम स्टोन बजरंगगढ़ के संचालक हरिसिंह जाट का था, जिसका उपयोग मिट्टी खदान क्षेत्र में कार्यरत डंपरों को डीजल आपूर्ति करने के लिए किया जा रहा था ।


               बजरंगगढ़ थाना पुलिस की इस उल्लेखनीय कार्यवाही में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक कृपाल सिंह परिहार, प्रधान आरक्षक राजेश शुक्ला, प्रधान आरक्षक दिलीप कलावत, आरक्षक महेश बंजारा, आरक्षक नवल किशोर, आरक्षक अभयराज रघुवंशी एवं साइबर सेल से आरक्षक कुलदीप यादव की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही है ।


               गुना पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों, लूट, चोरी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु निरंतर सतर्क एवं सक्रिय है । जिले में अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं चोरी/लूट की संपत्ति की बरामदगी के लिए तकनीकी संसाधनों एवं पेशेवर पुलिसिंग का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है । आमजन की सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए गुना पुलिस भविष्य में भी इसी प्रकार दृढ़ता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.