"अब रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा, बमौरी के युवाओं को यहीं मिलेगा कौशल और अवसर" – केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
14.74 करोड़ की लागत से निर्मित आईटीआई भवन एवं 2.39 करोड़ के विद्युत केंद्र का केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने किया लोकार्पण
गुना
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को बमौरी विधानसभा क्षेत्र के तिलवाड़ा में 14.74 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 6 ट्रेड आईटीआई मुख्य भवन, छात्रावास एवं आवास का तथा एमएसडी योजना अंतर्गत 2.39 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी नवीन विद्युत उपकेंद्र, धानवाड़ी का लोकार्पण किया। इस अवसर पर प्रदेश के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल भी उपस्थित रहे।
क्षेत्र का विकास हमारी प्राथमिकता है - केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि आस्था, विकास, प्रगति और अन्नदाता से जुड़ाव उनकी रग-रग में बसता है और इसी भावना से वे क्षेत्र की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि तिलवाड़ा में आईटीआई की स्थापना उनका सपना था, जो आज साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक सड़क और विद्युत सुविधाएं पहुंचाने का कार्य किया गया है। धानवाड़ी में बने नए विद्युत उपकेंद्र से लगभग 25 गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी, जिससे सिंचाई, पेयजल, शिक्षा और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
अब रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि आईटीआई में संचालित छह ट्रेड क्षेत्र के युवाओं के हुनर को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे। पहले युवाओं को तकनीकी शिक्षा और रोजगार के लिए अन्य जिलों अथवा राज्यों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब उन्हें अपने क्षेत्र में ही गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार और आपके हमारे सामूहिक प्रयासों से क्षेत्र का विकास निरंतर सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जब तक उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलता रहेगा, क्षेत्र की प्रगति और विकास के लिए वे पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में श्री सिंधिया ने कहा कि आज का दिन सभी के लिए शुभ और मंगलमय है। उन्होंने मां निहाल देवी तथा इंद्र देवता का स्मरण करते हुए क्षेत्रवासियों को दोनों विकास कार्यों की सौगात पर शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविन्द्र धाकड़, पूर्व मंत्री श्री महेन्द्र सिंह सिसौदिया, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमति हितिका वासल एवं अन्य अधिकारी एवं आमजन उपस्थित थे।
