*नाबालिगों के अपहरण एवं गुमशुदगी के मामलों में गुना पुलिस की सतत् एवं प्रभावी कार्यवाही*
केंट थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका की गुमशुदगी के मामले में पुलिस की तत्पर कायवाही
*मात्र 24 घंटे में बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों से मिलाया*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिग बालक-बालिकाओं के अपहरण एवं गुमशुदगी से संबंधित प्रकरणों को अत्यंत गंभीरता एवं संवेदनशीलता से लेते हुए जिनकी शीघ्र दस्तयाबी हेतु निरंतर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के लापता होने के मामले में तत्परता से कार्यवाही करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर ही बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर परिजनों से मिला दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 29 मई 2026 को केंट थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय एक नाबालिग बालिका के लापता होने पर दिनांक 30 मई 2026 को बालिका की मां द्वारा उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट केंट थाने में दर्ज कराई गई थी । जिस पर से पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 403/26 धारा 137(2) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण प्रजीबद्ध कर बालिका की तलाश शुरू की गई ।
नाबालिग बालिका के लापता होने की घटना को पुलिस ने गंभीरता से लेकर अपहृत बालिका की सरगर्मी से तलाश की गई और इस हेतु अपना मुखबिर तंत्र सक्रिय किया साथ ही विभिन्न तकनीकी संसाधनों की मदद ली गई जिससे संकलित सूचनाओं के आधार पर सभी संभावित जगहों पर बालिका को खोजने के सघन प्रयास किए गए । जिसके परिणाम स्वरूप आज दिनांक 31 मई 2026 को बालिका के संबंध में जानकारी मिलने पर केंट थाना पुलिस द्वारा तत्पर एवं प्रभावी कार्यवाही करते हुए बालिका को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया एवं विधिवत कानूनी प्रक्रिया पूर्ण करने के उपरांत उसे बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से बाल कल्याण समिति अध्यक्षा श्रीमति डॉ. नीरू शर्मा एवं समिति सदस्यों के द्वारा आवश्यक कार्यवाही पूरी कर बालिका को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है ।
केंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक कुशलपाल, सउनि गिर्राज जाटव एवं महिला आरक्षक सीमा चौहान की सराहनीय भूमिका रही है ।
