*महिला चिकित्सक से मंगलसूत्र लूट का खुलासा*
गुना पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही, एक आरोपी एवं एक महिला आरोपिया गिरफ्तार
*घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल तथा लूटा गया मंगलसूत्र बरामद, फरार आरोपियों की तलाश जारी*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में अपराध एवं अपराधियों पर निरंतर सतर्क, प्रभावी एवं सख्त कार्यवाहियां की जा रहीं हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं सीएसपी गुना श्रीमती प्रियंका मिश्रा के पर्यवेक्षण में गुना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा और उनकी टीम द्वारा शहर के महावीरपुरा क्षेत्र में महिला चिकित्सक से मंगलसूत्र लूट प्रकरण का सफल खुलासा करते हुए प्रकरण में एक आरोपी एवं एक महिला आरोपिया को गिरफ्तार कर लूटा गया मंगलसूत्र तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 09 जून 2026 को फरियादिया डॉ. रश्मि दीक्षित उम्र 47 वर्ष निवासी महावीरपुरा गुना के द्वारा गुना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 08 जून 2026 को रात्रि में खाना खाने के बाद वह अपने घर के बाहर ए.बी. रोड पर टहल रही थीं । इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अज्ञात बदमाश उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए । उक्त रिपोर्ट पर से गुना कोतवाली में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 287/26 धारा 304(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई ।
प्रकरण की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा अज्ञात आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं लूटी गई संपत्ति की बरामदगी हेतु थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक राजकुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर सक्रिय की गई । पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया । साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान एवं तलाश के व्यापक प्रयास किए गए । पुलिस के सतत प्रयासों एवं तकनीकी विश्लेषण के आधार पर गत दिनांक 11 जून 2026 को एक संदेही शिवप्रताप उर्फ सीटी पुत्र विक्रम पारदी उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम बीलाखेड़ी थाना धरनावदा, हाल हड्डीमील गुना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर उक्त लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया । आरोपी ने बताया कि घटना की रात वे चारों दो मोटरसाइकिलों से कुसमौदा क्षेत्र से जयस्तंभ चौराहे की ओर आ रहे थे । इसी दौरान वंदना स्कूल के समीप एक महिला को टहलते हुए देखा, जिसके गले में सोने का मंगलसूत्र था । इसके बाद वह योजनाबद्ध तरीके से महिला का मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गए । घटना के पश्चात चारों आरोपियों ने मंगलसूत्र को आपस में बांट लिया था । आरोपी शिवप्रताप पारदी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जप्त की गई तथा उसे विधिवत गिरफ्तार किया गया । विवेचना के दौरान प्रकरण में धारा 309(4) बीएनएस का इजाफा किया गया । अनुसंधान के दौरान आरोपी द्वारा अपने हिस्से में आए मंगलसूत्र के मोती एवं चेन को बेचने हेतु जौरा बाई पारदी को देने की जानकारी प्राप्त हुई । इसके बाद पुलिस द्वारा आज दिनांक 12 जून 2026 को जौरा बाई पत्नि आकाश पारदी निवासी पटेलनगर कैंट को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसकी निशानदेही पर लूटा गया मंगलसूत्र, जिसमें 14 सोने के मोती एवं मंगलसूत्र की चेन के दो टुकड़े, कुल अनुमानित कीमत लगभग एक लाख रुपये, बरामद किए जाकर महिला आरोपिया जौराबाई को भी प्रकरण में विधिवत गिरफ्तार किया गया । पुलिस द्वारा प्रकरण में शामिल फरार अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है तथा उनकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और जिन्हें भी शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा ।
गुना पुलिस की इस सक्रिय एवं सफल कार्यवाही में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, उपनिरीक्षक चंचल तिवारी, प्रधान आरक्षक उमेश शर्मा, प्रधान आरक्षक दीपक तोमर, प्रधान आरक्षक रामकुमार रघुवंशी, आरक्षक शिवकुमार रघुवंशी, आरक्षक देवेंद्र नरूका, आरक्षक जितेंद्र वर्मा, महिला आरक्षक रश्मि सेन, महिला आरक्षक श्यामसखी, महिला आरक्षक प्रगति राजपूत, महिला आरक्षक अनुराधा तथा साइबर सेल से आरक्षक नीलेश रघुवंशी, आरक्षक राजीव रघुवंशी, आरक्षक नवदीप अग्रवाल, आरक्षक संजय जाट, आरक्षक आदित्य सिंह कौरव एवं आरक्षक भूपेन्द्र खटीक की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
