गुना जिले में 1 जुलाई से मूंग एवं उड़द का समर्थन मूल्य पर उपार्जन शुरू
गुना
भारत सरकार की प्राइस सपोर्ट स्कीम (PSS) के अंतर्गत विपणन वर्ष 2026-27 के लिए जिले में ग्रीष्मकालीन मूंग एवं उड़द का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपार्जन 1 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक किया जाएगा। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री किशोर कुमार कन्याल ने इस संबंध में आदेश जारी कर जिले के चार उपार्जन केंद्र निर्धारित किए हैं।
जारी आदेश के अनुसार मूंग का न्यूनतम समर्थन मूल्य 8,768 रुपये प्रति क्विंटल तथा उड़द का 7,800 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। जिले में बमोरी, मधुसूदनगढ़, राघौगढ़ और गुना तहसील में उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। बमोरी में स्टार्टअप वेयर हाउस भौंरा, मधुसूदनगढ़ में गुलमोहर वेयर हाउस, राघौगढ़ में मात्रिका वेयर हाउस आवन तथा गुना में एम.पी.डब्लयू.एल.एल.सी. वी-2 नानाखेड़ी को उपार्जन केंद्र बनाया गया है। उपार्जन कार्य सोमवार से शुक्रवार तक प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से शाम 8 बजे तक संचालित होगा। कलेक्टर द्वारा सभी उपार्जन केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मानकों के अनुसार सूचना बोर्ड एवं बैनर प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
