Type Here to Get Search Results !

बिरियाई में प्रशासन, न्यायपालिका और पुलिस एक मंच पर; विमुक्त समाज से सीधा संवाद, 11 युवाओं को मिली नौकरी

 बिरियाई में प्रशासन, न्यायपालिका और पुलिस एक मंच पर; विमुक्त समाज से सीधा संवाद, 11 युवाओं को मिली नौकरी

ग्राम चौपाल में शिक्षा, रोजगार, जल संरक्षण और अपराधमुक्त समाज पर फोकस, समस्याएं मौके पर सुनीं और निराकरण के दिए निर्देश


गुना, 

विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ समाज को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में जिले में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए तहसील कुंभराज के ग्राम बिरियाई में प्रशासन, न्यायपालिका और पुलिस पहली बार एक साथ ग्राम चौपाल एवं सामाजिक संवाद सह रोजगार सम्मेलन में पहुंचे। समाज के लोगों की समस्याएं सीधे सुनी गईं, उनके त्वरित निराकरण के निर्देश दिए गए, 11 युवाओं को निजी कंपनी में रोजगार दिलाया गया तथा शिक्षा, स्वरोजगार, जल संरक्षण, आधुनिक खेती और अपराधमुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अमिताभ मिश्र, कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्री सुरेश कुमार सूर्यवंशी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री मधुलिका मुले, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना त्रिपाठी, न्यायाधीश श्री सुरेश वारगिया, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री सर्वेश चतुर्वेदी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे, एसडीएम चांचौड़ा श्री अमित सोनी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।  

गांव में ही बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य केवल समस्याओं का निराकरण करना ही नहीं, बल्कि समाज को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि ग्राम के आठवीं तक संचालित विद्यालय को उच्चतर माध्यमिक स्तर तक उन्नत करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि बच्चों को आगे की पढ़ाई के लिए गांव से बाहर न जाना पड़े। पेयजल समस्या के समाधान के लिए बोरवेल तथा पंचायत स्तर पर बड़े तालाबों के निर्माण की बात कहते हुए उन्होंने इसे जल संरक्षण के साथ मत्स्य पालन एवं आजीविका का बेहतर माध्यम बताया।

आधुनिक खेती अपनाकर बढ़ाएं आय

कलेक्टर श्री कन्याल ने किसानों से पारंपरिक खेती के साथ आधुनिक एवं लाभकारी कृषि अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि जिले के कई किसान थाई पिंक अमरूद, सब्जी उत्पादन और पॉलीहाउस में गुलाब की खेती कर लाखों रुपये की वार्षिक आय अर्जित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीरामजी नई योजना के तहत पात्र ग्रामीणों को 125 दिवस का रोजगार तथा प्रतिदिन 300 रुपये की मजदूरी उपलब्ध कराई जाएगी।

विधिक सहायता और योजनाओं का मिलेगा पूरा लाभ

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री अमिताभ मिश्र ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने मनरेगा, आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि समाज में पर्याप्त क्षमता है, आवश्यकता केवल जनभागीदारी और सकारात्मक पहल की है।

अपराध से दूरी ही परिवार और समाज की सबसे बड़ी सुरक्षा

पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने कहा कि अपराध का रास्ता आसान दिखाई देता है, लेकिन उससे बाहर निकलना अत्यंत कठिन होता है। अपराध से अर्जित धन कभी सुख और सम्मान नहीं दे सकता। उन्होंने महिलाओं से परिवार को अपराध से दूर रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा सभी ग्रामीणों को अपराधमुक्त और नशामुक्त जीवन का संकल्प दिलाया।

11 युवाओं को मिला रोजगार, हितलाभ भी वितरित

चौपाल के दौरान चैकमेट सिक्योरिटी कंपनी के माध्यम से विमुक्त, घुमक्कड़ एवं अर्द्धघुमक्कड़ समाज के 11 युवाओं को 22 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन पर रोजगार उपलब्ध कराया गया तथा अतिथियों ने उन्हें नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए गए। विभिन्न विभागों ने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई भी की।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.