राजस्व वसूली, अवैध खनन पर सख्ती और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में की विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री अखिलेश जैन, समस्त एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में राजस्व वसूली, खनिज प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन, आरसीएमएस पोर्टल, मोबाइल कोर्ट, फार्मर रजिस्ट्री अभियान एवं लंबित राजस्व प्रकरणों की बिंदुवार समीक्षा कर अधिकारियों को समय-सीमा में प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्री कन्याल ने कहा कि राजस्व प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को राजस्व वसूली में तेजी लाने, लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने तथा आमजन को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आरआरसी प्रकरणों, सहकारी बैंक ऋण वसूली तथा बकायादारों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप वसूली बढ़ाने एवं लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए।
मोबाइल कोर्ट की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में चिन्हित 511 आवेदनों में से 380 प्रकरणों का सफलतापूर्वक निराकरण किया जा चुका है। शेष मामलों का भी शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री कन्याल ने सीएम हेल्पलाइन में राजस्व विभाग से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करते हुए विशेष रूप से 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, डायवर्सन एवं अभिलेख दुरुस्ती प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित मामलों का त्वरित निराकरण करने पर जोर दिया। साथ ही धारा 248 एवं धारा 250 के प्रकरणों में समय पर आदेश पारित करने तथा पात्र हितग्राहियों को शीघ्र कब्जा दिलाने के निर्देश भी दिए।
बैठक में फार्मर रजिस्ट्री अभियान की प्रगति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले का प्रदर्शन प्रदेश के औसत से बेहतर है। कलेक्टर ने शेष पात्र किसानों का पंजीयन अभियान चलाकर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए, ताकि सभी किसान शासन की योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री कन्याल ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा राजस्व प्रकरणों, शिकायतों एवं वसूली संबंधी कार्यों का नियमित अनुश्रवण करते हुए निर्धारित समय-सीमा में उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
