Type Here to Get Search Results !

120 बीघा वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त, प्रशासन का बड़ा अभियान

 120 बीघा वन भूमि अतिक्रमण से मुक्त, प्रशासन का बड़ा अभियान


कलेक्टर के निर्देशन में 5 जेसीबी, पुलिस-वन-राजस्व की संयुक्त कार्रवाई; पुनः होगा वृक्षारोपण एवं वन स्थापना



गुना 


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले में शासकीय वन भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के विशेष अभियान के तहत सोमवार को वन परिक्षेत्र मकसूदनगढ़ के बीट खेरखेड़ा स्थित कक्ष क्रमांक 780 की लगभग 120 बीघा शासकीय वन भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। एसडीएम राघौगढ़ श्री अमित सोनी के नेतृत्व में वन, पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पांच जेसीबी मशीनों की सहायता से कार्रवाई करते हुए लगभग 100 अतिक्रमणकारियों के कब्जे से भूमि खाली कराई। प्रशासन ने बताया कि अब इस भूमि पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण एवं पुनः वन स्थापना का कार्य किया जाएगा।


वर्ष 2023 में हुई थी बेदखली की कार्रवाई


वन विभाग के अनुसार उक्त भूमि पर वर्ष 2023 में 11 अतिक्रमणकारियों द्वारा अवैध कब्जा किया गया था। उनके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करते हुए बेदखली की प्रक्रिया पूरी की गई थी। इसके बावजूद भूमि को पूर्ण रूप से अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए  व्यापक अभियान चलाया गया।


संयुक्त बल की मौजूदगी में सफल रही कार्रवाई


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल तथा वनमण्डलाधिकारी श्री अक्षय राठौर के मार्गदर्शन में संचालित इस अभियान में लगभग 100 वनकर्मी, 80 पुलिस जवान तथा 15 प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारियों की तैनाती की गई। मौके पर उपवन मंडल अधिकारी श्री इंदर सिंह धाकड़, तहसीलदार मकसूदनगढ़ डॉ. उदय सिंह जाटव, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री कमल सिंह कोली, रेंजर मकसूदनगढ़ श्री धर्मेन्द्र शर्मा, रेंजर बीनागंज श्री सौरभ द्विवेदी, थाना प्रभारी जामनेर श्री मनोज मेहरा एवं चौकी प्रभारी उकावद श्री रवि भिलाला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


विरोध के प्रयास रहे विफल


कार्रवाई के दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों ने गोफन, लाठी एवं डंडों के माध्यम से व्यवधान उत्पन्न करने का प्रयास किया, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था एवं संयुक्त बल की प्रभावी मौजूदगी के कारण किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी। प्रशासन की सख्ती के चलते अतिक्रमणकारी मौके से भाग गए और अभियान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।


अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई रहेगी जारी


जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय एवं वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन तथा विधि के शासन को सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.