"सेफ क्लिक 2.0" अभियान के 12वें दिवस गुना पुलिस का व्यापक साइबर जनजागरूकता अभियान
*रैली, मुनादी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को किया साइबर अपराधों के प्रतिजागरूक*
*पुलिस, जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं पुलिस मित्रों ने मिलकर दिया साइबर अपराधों से सतर्क रहने का संदेश*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित राज्य स्तरीय विशेष साइबर जागरूकता अभियान "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के तहत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मागर्दशन में गुना पुलिस द्वारा जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।
अभियान के आज 12वें दिवस बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा कस्बा बजरंगगढ़ में भव्य साइबर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया । रैली में बजरंगगढ़ थाने से पुलिस स्टाफ, स्थानीय जनप्रतिनिधि, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पुलिस मित्र दल के सदस्य एवं स्थानीय नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हुए । रैली के माध्यम से नागरिकों को साइबर सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए तथा लोगों को साइबर जागरूकता संबंधी पम्पलेट वितरित किए गए ।
कार्यक्रम के दौरान ढोल एवं मुनादी के माध्यम से भी आमजन तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया । लोगों से अपील की गई कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, संदिग्ध लिंक, फर्जी वेबसाइट, लालच देने वाले संदेश अथवा ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करें । साथ ही डिजिटल लेनदेन करते समय पूरी सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया ।
इसी प्रकार जिले के थाना जामनेर, थाना सिरसी सहित जिले के अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस द्वारा साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर नागरिकों से संवाद स्थापित कर साइबर अपराधों के नए तरीकों की जानकारी दी तथा उनसे सतर्क एवं जागरूक रहकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने की अपील की ।
गुना पुलिस का उद्देश्य "सेफ क्लिक 2.0" अभियान के माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाना तथा नागरिकों को डिजिटल युग में सुरक्षित एवं जागरूक बनाना है । गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी प्रकार के ऑनलाइन प्रलोभन, फर्जी निवेश, कस्टमर केयर फ्रॉड, केवाईसी अपडेट, स्क्रीन शेयरिंग ऐप, डिजिटल अरेस्ट अथवा अन्य साइबर ठगी के प्रयासों से सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें ।
*।। गुना पुलिस आपकी सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए सदैव तत्पर ।।*
