"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का गरिमामय समापन
*15 दिवसीय जनजागरूकता अभियान से गुना जिले में जन-जन तक पहुंचा नशामुक्ति का सशक्त संदेश*
*सोशल मीडिया पर उत्कृष्ट एवं सर्वाधिक व्यू वाले इन्फ्लूएंसर्स तथा अभियान में सक्रिय सहयोग देने वाले विद्यार्थी हुए सम्मानित*
*नशा मुक्ति अभियान को जिले में निरंतर गति देने 60 विद्यार्थियों को बनाया ''नशा मुक्ति दूत''*
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित राज्यव्यापी विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल मार्गदर्शन एवं निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में विगत पंद्रह दिनों तक विविध जनजागरूकता गतिविधियों का व्यापक एवं प्रभावी संचालन किया गया । अभियान के सफल समापन अवसर पर आज कैंट क्षेत्र स्थित एक निजी होटल में गरिमामय समापन समारोह आयोजित किया गया ।
समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने अभियान के दौरान गुना पुलिस द्वारा आयोजित रैलियों, संगोष्ठियों, विद्यालयीन कार्यक्रमों, नुक्कड़ नाटकों, जनसंवाद, सोशल मीडिया जागरूकता एवं अन्य नवाचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है । उन्होंने छात्र-छात्राओं, नगर रक्षा समिति के सदस्यों, आमजन एवं पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए सभी को स्वयं नशामुक्त जीवन अपनाने तथा समाज को नशे की बुराई से मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया ।
अभियान के दौरान सोशल मीडिया के माध्यम से जनजागरूकता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने वाले चयनित इन्फ्लूएंसर्स, जिनके वीडियो एवं डिजिटल कंटेंट को सर्वाधिक सराहना एवं व्यू प्राप्त हुए, उन्हें पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया । इस पहल का उद्देश्य युवाओं की सकारात्मक सहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए सोशल मीडिया को जनहित एवं सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बनाना रहा ।
समारोह में अभियान के दौरान विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाने वाले जिले के विभिन्न विद्यालयों के 60 छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर "नशा मुक्ति दूत" की उपाधि से सम्मानित किया गया । उन्हें भविष्य में भी गुना पुलिस के सामाजिक जागरूकता अभियानों में सक्रिय सहयोगी के रूप में कार्य करने तथा स्वयं नशे से दूर रहते हुए अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का दायित्व सौंपा गया ।
समापन समारोह में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, एसडीओपी गुना श्री विवेक अष्ठाना, डीएसपी अजाक श्री ओ.पी. आर्य, सहायक सेनानी श्री अजय सिंह रावत (26वीं वाहिनी गुना), रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय, रक्षित निरीक्षक श्रीमती स्मृति दोहरे, यातायात प्रभारी रक्षित निरीक्षक अजयप्रताप सिंह, कंट्रोल रूम प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय, गुना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, महिला थाना प्रभारी निरीक्षक फिरदौस तबस्सुम, निरीक्षक मचल सिंह मंडेलिया, निरीक्षक सुरेश सिंह कुशवाह सहित जिला पुलिस बल एवं एसएएफ के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे ।
कार्यक्रम का समापन पुलिस बैंड द्वारा प्रस्तुत राष्ट्रगान की गरिमामयी धुन के साथ हुआ । इसी के साथ "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान का सफलतापूर्वक समापन हुआ । पंद्रह दिनों तक चले इस व्यापक जनजागरूकता अभियान ने गुना जिले में नशामुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाते हुए जनसहभागिता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक प्रभावी जन-आंदोलन का स्वरूप प्राप्त किया ।
