"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : गुना की नजूल कॉलोनी में नशामुक्ति का जनसंकल्प
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से किया जागरूक, नशामुक्त समाज निर्माण का किया आह्वान*
*जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से जागरूकता अभियान को मिला जनसमर्थन*
प्रदेशव्यापी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत आज शाम गुना शहर की नजूल कॉलोनी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने उपस्थित जनसमूह को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक श्रीमती वासल ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज को प्रभावित करता है। उन्होंने सभी नागरिकों से नशे से दूर रहने, युवाओं को नशे के प्रति जागरूक करने तथा समाज में नशामुक्त वातावरण के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति का संकल्प भी दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, गुना कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।
गुना पुलिस द्वारा संचालित "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के माध्यम से जिलेभर में लगातार जागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर आमजन, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है तथा नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में सतत प्रयास किए जा रहे हैं।
