Type Here to Get Search Results !

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान को गुना पुलिस दे रही जनआंदोलन का स्वरूप

 नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान को गुना पुलिस दे रही जनआंदोलन का स्वरूप


*अभियान के नवें दिवस जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को नशामुक्त जीवन का दिया संदेश*


*विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों एवं बस्तियों में पुलिस ने दिलाया नशामुक्ति का संकल्प, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज निर्माण का आह्वान*



               पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशन में प्रदेशभर में संचालित राज्यव्यापी विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा-निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में प्रतिदिन विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का प्रभावी संचालन किया जा रहा है । अभियान का उद्देश्य युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।


               इसी क्रम में अभियान के आज नवें दिवस गुना जिले के सभी थाना क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । विभिन्न स्थानों पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों, विद्यार्थियों एवं युवाओं से संवाद स्थापित कर नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा उन्हें नशे से दूर रहने का संदेश दिया ।


               इस दौरान यातायात थाना पुलिस द्वारा गुना के जज्जी बस स्टैंड, जामनेर थाना पुलिस द्वारा जयशंकर पब्लिक स्कूल जामनेर, विजयपुर थाना पुलिस द्वारा ग्राम कोलुआ पठार बस्ती, कुम्भराज थाना पुलिस द्वारा कुम्भराज कस्बा बस्ती, बजरंगगढ़ थाना पुलिस द्वारा ग्राम बरखेड़ा गिर्द के शासकीस हायर सेकेण्डरी स्कूल, सिरसी थाना पुलिस द्वारा ग्राम सिरसी बस स्टेण्ड, मधुसूदनगढ़ थाना पुलिस द्वारा मधूसगदनगढ़ कस्बा तथा पुलिस लाइन से गुना जयस्तंभ चौराहा पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इसी प्रकार जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी पुलिस द्वारा जनसंपर्क एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया ।


               कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित नागरिकों एवं विद्यार्थियों को बताया गया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है, बल्कि परिवार, समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है । पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से खेल, शिक्षा, रोजगार एवं सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए उन्हें नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया ।


               इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्यक्रमों में उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ दिलाई गई तथा समाज में नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण निर्मित करने और स्वस्थ, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया गया ।


               गुना पुलिस का यह अभियान केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित न रहकर समाज में नशामुक्ति के प्रति व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है । आगामी दिनों में भी जिलेभर में विविध जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नागरिकों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी पहल निरंतर जारी रहेगी ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.