सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ मिलकर गुना पुलिस देगी "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को नई उड़ान
*"नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" संदेश को जन-जन तक पहुंचाएंगे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स*
*अभियान संबंधी जनजागरूकता वीडियो/कंटेंट पर सर्वाधिक व्यू वाले इन्फ्लुएंसर्स को गुना पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा पुरूष्कृत*
पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक नशा मुक्ति हेतु विशेष जनजागरूकता अभियान "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" संचालित किया जा रहा है । इस अभियान के क्रम में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा "नशामुक्त अभियान – एक कदम नशामुक्त गुना की ओर" थीम के अंतर्गत जिलेभर में आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों के बीच विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं ।
अभियान को और अधिक प्रभावी एवं जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुना पुलिस ने जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स, इंस्टाग्राम एवं फेसबुक क्रिएटर्स, डिजिटल कंटेंट निर्माताओं तथा रचनात्मक युवाओं से इस जनहित अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील की है ।
गुना पुलिस का मानना है कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया जनजागरूकता का सबसे प्रभावी माध्यम बन चुका है । यदि इसकी व्यापक पहुंच और सकारात्मक शक्ति का उपयोग समाजहित में किया जाए, तो नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई के विरुद्ध एक प्रभावी जनआंदोलन खड़ा किया जा सकता है । इसी उद्देश्य से अधिकाधिक युवाओं एवं कंटेंट क्रिएटर्स को इस अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है ।
गुना पुलिस का जिले के सभी कंटेंट क्रिएटर्स से आग्रह है कि वे नशा मुक्ति विषयक वीडियो, रील्स, फोटो स्टोरी, पोस्ट, ब्लॉग एवं अन्य रचनात्मक डिजिटल कंटेंट तैयार कर अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करें । ऐसा कंटेंट, जो नशे के दुष्परिणामों, नशामुक्त जीवन के लाभों तथा समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी संदेश देगा और जिस पर सर्वाधिक व्यूज़ एवं जनसहभागिता प्राप्त होगी, उसके निर्माता को गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा ।
गुना पुलिस का जिले के सभी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स एवं युवाओं से आह्वान है कि वे अपनी रचनात्मकता एवं डिजिटल पहुंच का उपयोग समाजहित में करें तथा नशामुक्त गुना के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं । आपके द्वारा जागरूकता का प्रत्येक सकारात्मक संदेश किसी न किसी व्यक्ति के जीवन में परिवर्तन लाने की क्षमता रखता है । असलिए गुना पुलिस के इस समाजहित अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक लोगों तक "नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो" का संदेश पहुंचाकर नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में सहभागी बनें ।
*"जागरूक बनें, जागरूक करें – नशामुक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें"*
