"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत गुना पुलिस का जारी है जागरुकता मिशन
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने विद्यार्थियों को दिया नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन का संदेश*
नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस द्वारा आज अभियान के चौथे दिन जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, झुग्गी झोपडियों, अन्य सार्वजनिक स्थलों आदि पर में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया ।
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन, प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय, कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव आदि सहित ग्राम मावन क्षेत्र स्थित रघुवंश कान्वेंट स्कूल पहुंचकर आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई, जिसमें कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र का भविष्य है । यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा । साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया । साथ ही नशा मुक्ति जागरुकता संबंधी शार्ट मूवी का प्रदर्शन कर विद्यार्थियो के समक्ष नशे के दुष्परिणामों को प्रचारित किया गया ।
इसी प्रकार जिले के थाना विजयपुर, जामनेर, धरनावदा, म्याना, मृगवास आदि सहित अन्य सभी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
गुना पुलिस का यह अभियान केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित न रहकर सामाजिक जागरूकता का व्यापक जनआंदोलन बन रहा है, जिसमें शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है । अभियान के माध्यम से गुना पुलिस नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास कर रही है ।
