Type Here to Get Search Results !

नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : छठे दिन गुना पुलिस ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला, जिलेभर में गूंजा नशामुक्ति का संदेश

 "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : छठे दिन गुना पुलिस ने बनाई विशाल मानव श्रृंखला, जिलेभर में गूंजा नशामुक्ति का संदेश


*पुलिस लाइन परेड ग्राउंड पर विशाल मानव श्रृंखला बनाकर दिया नशामुक्त समाज का संदेश*


*जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का हुआ व्यापक आयोजन*


*विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशे के दुष्परिणामों से कराया अवगत, दिलाया नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प*



               नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।


               इसी तहत आज दिनांक 20 जुलाई 2026 को अभियान के छठवे दिवस भी गुना पुलिस की ओर से जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन कर आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया ।


               अभियान के क्रम में आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में रक्षित निरीक्षक श्रीमती पूजा उपाध्याय एवं कंट्रोलरुम प्रभारी निरीक्षक विकास उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस लाइन परेड ग्राउंड, गुना पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विशाल मानव श्रृंखला का निर्माण कर नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावशाली संदेश दिया गया । मानव श्रृंखला के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशे से दूरी बनाकर ही स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध समाज का निर्माण संभव है ।


               इसी क्रम में जिले के थाना कैंट, राघौगढ़, विजयपुर, बमौरी, धरनावदा, जामनेर, सिरसी, महिला थाना, कुम्भराज, मधुसूदनगढ़, यातायात सहित सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, मानसिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई । कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया । साथ ही विभिन्न स्थानों पर मानव श्रृंखलाएं बनाकर जनसामान्य को नशे के विरुद्ध एकजुट होने तथा अपने परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया ।


               गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ गुना के निर्माण में सहभागी बनें ।


               गुना पुलिस का "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.