"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के दूसरे दिन विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में गूंजा नशामुक्ति का संकल्प
*पुलिस अधीक्षक सहित सभी बरिष्ठ अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियो ने विद्यार्थियों को दिया नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन का संदेश*
नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस द्वारा आज अभियान के दूसरे दिन जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में व्यापक स्तर पर जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया ।
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के द्वारा अभियान की रूपरेखा अनुसार आज अभियान के दूसरे दिन जिले के सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, थाना/चौकी प्रभारियो को विभिन्न शिक्षण संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने एवं नशामुक्ति का संकल्प दिलाने तथा प्रेरणादायी लघु फिल्मों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई । जिसका उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से दूर रखते हुए उन्हें शिक्षा, अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करना है ।
अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल स्वयं भी म्याना के दिव्यांश पब्लिक स्कूल पहुंची और जहां आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई, जिसमें कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र का भविष्य है । यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा । साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया । इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा लघु नाटिका के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को प्रचारित किया गया ।
इसी प्रकार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन द्वारा क्राइस्ट कॉन्वेंट स्कूल गुना के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए गुना पुलिस के नशे से दूरी है जरुरी अभियान की जानकारी देकर नशे के दुष्प्रभावों एवं नशा मुक्ति हेतु जागरुक किया गया । साथ ही उन्हें इस आशय का संकल्प भी दिलाया गया ।
इसी प्रकार जिले के थाना बमोरी, विजयपुर, फतेहगढ, सिरसी, मधुसूदनगढ आदि सहित सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए ।
गुना पुलिस का यह अभियान केवल कानून प्रवर्तन तक सीमित न रहकर सामाजिक जागरूकता का व्यापक जनआंदोलन बन रहा है, जिसमें शिक्षण संस्थानों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है । अभियान के माध्यम से गुना पुलिस नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण की दिशा में निरंतर प्रभावी प्रयास कर रही है ।
