चांचौड़ा थानांतर्गत वेयर हाउस से फसल चोरी के मामले में पुलिस की तत्पर कार्यवाही, मात्र 36 घंटे में चोरी का खुलाशा
*तीन आरोपी गिरफ्तार, करीब 01 लाख मूल्य की चोरी हुई फसल बरामद*
गुना पुलिस अधीक्षक श्री हितिका वासल के संवेदनशील एवं कुशल नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मागदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा श्री मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना पुलिस द्वारा वेअर हाउस से धनिया एवं सोयाबीन की फसल चोरी के मामले में तत्परता से कार्यवाही करते हुए मात्र 36 घंटे में प्रकरण का सफलतापूर्वक खुलाशा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है । साथ ही आरोपियों से करीब 01 लाख रूपये मूल्य की चोरी हुई फसल बरामद करने में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है ।
गौरतलब है कि दिनांक 28 जुलाई 2026 को बीनागंज चौकी पर फरियादी मनीष अग्रवाल निवासी बीनागंज के द्वारा निचला बाजार बीनागंज स्थित अपने वेअर हाउस से धनिया एवं सोयाबीन की फसल की बोरियां चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिस पर से चांचौड़ा थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 217/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था ।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा प्रकरण का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए माल की बरामदगी हेतु निर्देश दिए गए । निर्देशों के परिपालन में बीनागंज चौकी पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए प्रकरण के अज्ञात आरोपियों की पतारसी हेतु सघन प्रयास किए गए और शीघ्र ही आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने में सफलता प्राप्त कर जिनकी सरगर्मी से तलाश की गई । जिसके क्रम में मात्र 36 घंटे के भीतर ही दिनांक 29-30 जुलाई 2026 की रात्रि में ही तीन आरोपी 1-निर्दुल उर्फ फेंटा पुत्र इमरत गोस्वामी उम्र 26 साल, 2-प्रदीप उर्फ प्रदुम्न पुत्र हरिसिंह भील उम्र 26 साल एवं अभिषेक पुत्र लक्ष्मण गोस्वामी उम्र 19 साल निवासीगण ग्राम भानपुरा बाबा थाना चांचौड़ा को गिरफ्तार कर जिनके कब्जे से धनिया की फसल के 20 कट्टे एवं सोयाबीन की फसल के 03 कट्टे कुल कीमती करीबन 01 लाख रूपये मूल्य के बरामद किए गए । प्रकरण की विस्तृत विवेचना जारी है ।
चांचौड़ा थाना पुलिस की इस तत्पर और प्रभावी कार्यवाही में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी, प्रधान आरक्षक सुनील रघुवंशी, आरक्षक शिवप्रताप, आरक्षक मोनू करारे, आरक्षक अभिषेक शर्मा, आरक्षक अजय समाधिया, आरक्षक नवदीप शर्मा एवं आरक्षक संजय सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है ।
