आधार केन्द्रों की शुल्क राशि जमा नहीं करने पर 7 लोक सेवा केन्द्रों को कारण बताओ नोटिस जारी
गुना
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गुना श्री अभिषेक दुबे द्वारा आधार केन्द्रों पर दी जाने वाली सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क समय पर जमा नहीं करने वाले जिले के 7 लोक सेवा केन्द्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
जारी नोटिस के अनुसार श्री अनुपम त्रिपाठी (लोक सेवा केन्द्र, चाचौड़ा), श्री सौरभ गुप्ता (लोक सेवा केन्द्र, कुंभराज), श्री अजय शर्मा (लोक सेवा केन्द्र, राघौगढ़), श्री सचिन कुमार जैन (लोक सेवा केन्द्र, मक्सूदनगढ़), श्री मुकुल सिंघल (लोक सेवा केन्द्र, गुना), श्रीमती ज्योति सिंघल (लोक सेवा केन्द्र, आरोन) एवं श्री गौरव गुप्ता (लोक सेवा केन्द्र, बमोरी) को एमपीएसईडीसी के निर्देशानुसार आधार केन्द्रों पर दी जाने वाली सेवाओं के लिए निर्धारित शुल्क जिला ई-गवर्नेंस समिति के खाते में जमा कराने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद संबंधित लोक सेवा केन्द्रों द्वारा निर्धारित शुल्क का नियमित भुगतान नहीं किया जा रहा है।
इस संबंध में पूर्व में भी कार्यालयीन पत्रों के माध्यम से संबंधित संचालकों को राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु निर्धारित राशि अब तक जमा नहीं की गई। इसके फलस्वरूप जिला ई-गवर्नेंस समिति द्वारा सभी 7 लोक सेवा केन्द्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए निर्देशित किया गया है कि वे पूर्व एवं संशोधित दरों के अनुसार देय राशि तीन दिवस के भीतर समिति के बैंक खाते में अनिवार्य रूप से जमा करें।
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि निर्धारित अवधि में राशि जमा नहीं किए जाने की स्थिति में संबंधित लोक सेवा केन्द्रों को ब्लैकलिस्ट किए जाने हेतु प्रस्ताव यूआईडीएआई को प्रेषित किया जाएगा। साथ ही शासकीय राशि के अनाधिकृत दुरुपयोग के संबंध में संबंधित संचालकों के विरुद्ध पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।
