केंट थाना क्षेत्र से नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में पुलिस की तत्पर कार्यवाही
*24 घंटे के भीतर ही अपहृता को राजगढ़ जिले के व्यावरा से सुरक्षित दस्तयाब कर उसके अपहरण और दुष्कर्म का आरोपी किया गिरफ्तार*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व में गुना पुलिस द्वारा जिले में नाबालिगों पर घटित अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेकर इनमें त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं प्रभारी सीएसपी गुना श्री आनंद राय के पर्यवेक्षण में केंट थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव और उनकी टीम द्वारा थाना क्षेत्र से एक नाबालिग बालिका के अपहरण के प्रकरण में तत्परता से कार्यवाही करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर ही अपहृता को राजगढ़ जिले के ब्यावरा रेलवे स्टेशन से सुरक्षित दस्तयाब कर उसके अपहरण और दुष्कर्म के आरोपी को भी गिरफ्तार कर जेल पहुंचा दिया है ।
उल्लेखनीय है कि दिनांक 01 जुलाई 2026 को केंट थाने पर एक पिता द्वारा अपनी 17 वर्षीय नाबालिग पुत्री के घर से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी । जिस पर से पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 510/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर बालिका की त्वरित खोजबीन शुरू की गई एवं इसमें पुलिस के तत्पर एवं अथक प्रयासों के परिणाम स्वरूप बालिका के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में होने की जानकारी मिलने पर गत दिनांक 02 जुलाई 2026 को केंट थाने पुलिस की एक टीम ब्यावरा पहुंची और जहां पर टीम द्वारा तकनीकी विश्लेषण के आधार पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर ही अपहृत नाबालिग बालिका को ब्यावरा रेलवे स्टेशन क्षेत्र से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया गया ।
दस्तयाबी पश्चात पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि राजीव अहिरवार निवासी ग्राम विजयगढ़ का उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत काम किया । इसके बाद पुलिस ने आरोपी राजीव अहिरवार के विरुद्ध प्रकरण में धारा 64(1) बीएनएस एवं 3/4 पॉक्सो एक्ट का इजाफा कर दिनांक 02 जुलाई 2026 को ही आरोपी राजीव पुत्र श्रीकृष्ण अहिरवार उम्र 20 साल निवासी ग्राम विजयगढ़ थाना राघौगढ़ जिला गुना को भी गिरफ्तार कर लिया गया एवं आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है ।
केंट थाना पुलिस की इस कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप कुमार भार्गव, उपनिरीक्षक ज्योति राजपूत, प्रधान आरक्षक रामभरोसा बैरागी, आरक्षक राजू बघेल, आरक्षक सूर्यभान जाट एवं महिला आरक्षक रक्षा रघुवंशी व महिला आरक्षक ज्योति रघुवंशी का विशेष योगदान रहा है ।
