Type Here to Get Search Results !

अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला रोड रोलर, 80 साइलेंसर किए गए नष्ट

 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों पर चला रोड रोलर, 80 साइलेंसर किए गए नष्ट

₹1.25 लाख का जुर्माना वसूला, विशेष अभियान रहेगा जारी


गुना 

कलेक्‍टर श्री किशोर कुमार कन्‍याल के निर्देशानुसार एवं पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल मार्गदर्शन में बुधवार को दोपहर 12:00 बजे हनुमान चौराहा–जिला न्यायालय मार्ग पर यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक श्री अजय प्रताप सिंह, आरआई श्री हर्ष यादव, आरआई श्री अविनाश उमरैया, सूबेदार श्री यशवंत रघुवंशी सहित यातायात पुलिस की टीम द्वारा जब्त किए गए लगभग 80 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों का सार्वजनिक रूप से रोड रोलर चलाकर विधिवत नष्टीकरण किया गया।

इस अवसर पर डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि विगत 1–2 माह से उन बुलेट एवं अन्य मोटरसाइकिलों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिनमें कंपनी द्वारा लगाए गए मूल (Original) साइलेंसर हटाकर अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए हैं। ऐसे साइलेंसरों से अत्यधिक तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न होती है, जिससे आमजन, अन्य वाहन चालक, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, विद्यार्थी तथा अस्पतालों के मरीजों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ता है। यह ध्वनि प्रदूषण न केवल लोगों की शांति भंग करता है, बल्कि सड़क पर वाहन चलाने वालों का ध्यान भी भटकाता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है।

अभियान के दौरान अब तक ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करते हुए लगभग ₹1,25,000 का जुर्माना वसूल किया गया है तथा 80 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त कर हटवाए गए। इन साइलेंसरों का आज सार्वजनिक रूप से रोड रोलर से नष्टीकरण किया गया, ताकि भविष्य में इनका किसी भी प्रकार से पुनः उपयोग न किया जा सके। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों एवं ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

यातायात पुलिस, गुना सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि अपने वाहनों में कंपनी द्वारा स्वीकृत मूल साइलेंसर ही लगाएं तथा किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचें। यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा एवं शांति का भी सम्मान करें।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.