Type Here to Get Search Results !

यातायात नियम उल्लंघन पर गुना पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 80 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों का रोड़ रोलर से किया सार्वजनिक नष्टीकरण

 यातायात नियम उल्लंघन पर गुना पुलिस की बड़ी कार्यवाही : 80 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों का रोड़ रोलर से किया सार्वजनिक नष्टीकरण


*ध्वनि प्रदूषण फैलाने वालों पर सख्ती जारी, विशेष अभियान में अब तक तकरीबन सवा लाख का जुर्माना वसूला*



               सड़क सुरक्षा, यातायात व्यवस्था एवं ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से गुना पुलिस द्वारा अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाहियां की जा रही हैं । इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में गुना यातायात पुलिस द्वारा अपनी कार्यवाहियों में जप्त किए गए लगभग 80 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों का आज दोपहर हनुमान चौराहा के पास जिला न्यायालय के समक्ष सार्वजनिक रूप से रोड़ रोलर चलाकर विधिवत नष्टीकरण किया गया ।


               इस कार्यवाही के दौरान यातायात थाना प्रभारी रक्षित निरीक्षक अजय प्रताप सिंह, रक्षित निरीक्षक हर्ष यादव, रक्षित निरीक्षक अविनाश उमरैया, सूबेदार यशवंत रघुवंशी सहित यातायात पुलिस का लगभग पूरा अमला मौजूद रहा ।


               इस अवसर पर डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित ने बताया कि गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के निर्देशानुसार विगत एक से दो माह से ऐसे बुलेट एवं अन्य मोटरसाइकिलों के विरुद्ध विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिनमें कंपनी द्वारा लगाए गए मूल (Original) साइलेंसर हटाकर अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए हैं । ऐसे साइलेंसर अत्यधिक तेज एवं कर्कश ध्वनि उत्पन्न करते हैं, जिससे आमजन, अन्य वाहन चालक, महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, विद्यार्थी तथा अस्पतालों में भर्ती मरीजों को गंभीर असुविधा होती है । ध्वनि प्रदूषण से न केवल सार्वजनिक शांति भंग होती है, बल्कि वाहन चालकों का ध्यान भी भटकता है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है ।


               विशेष अभियान के दौरान गुना यातायात पुलिस द्वारा अब तक अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए लगभग 1,25,000/-रूपये का जुर्माना वसूला गया है तथा 80 अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर हटवाए जाकर उन्हें जप्त किया गया है । जप्त इन सभी साइलेंसरों का आज सार्वजनिक रूप से रोड़ रोलर से नष्टीकरण किया गया, जिससे भविष्य में उनका किसी भी प्रकार से पुनः उपयोग न किया जा सके ।


               गुना यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध मॉडिफाइड साइलेंसरों, ध्वनि प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर एवं सख्ती से जारी रहेगा ।


               गुना यातायात पुलिस सभी वाहन चालकों से अपील करती है कि वे अपने वाहनों में केवल कंपनी द्वारा स्वीकृत मूल (Original) साइलेंसर का ही उपयोग करें तथा किसी भी प्रकार के अवैध मॉडिफिकेशन से बचें । यातायात नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें तथा दूसरों की सुरक्षा, सुविधा और सार्वजनिक शांति का भी सम्मान करें ।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.