"नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान : सातवें दिन गुना पुलिस का नशामुक्ति अभियान जारी
*पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल ने एक निजी होटल में आयोजित नशामुक्ति युवा संगोष्ठी कार्यक्रम में दिया नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन का संदेश*
*जिले के सभी थाना क्षेत्रों में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का हुआ व्यापक आयोजन*
नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज निर्माण के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार दिनांक 15 जुलाई से 30 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में संचालित किए जा रहे राज्यव्यापी विशेष अभियान "नशे से दूरी है जरूरी 2.0" के अंतर्गत गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन में गुना पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है, अभियान का उद्देश्य युवाओं, विद्यार्थियों, ग्रामीणों एवं आमजन को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त, स्वस्थ एवं जिम्मेदार जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है ।
इसी तहत आज दिनांक 21 जुलाई 2026 को अभियान के सातवें दिन टेकरी रोड स्थित एक निजी होटल में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंगदल के संयोजन में आयोजित नशामुक्ति युवा संगोष्ठी जागरूकता कार्यक्रम में गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं से संवाद करते हुए उन्हें नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई, जिसमें कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र का भविष्य है । यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल, नवाचार एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाएंगे तो एक स्वस्थ, सुरक्षित, अपराधमुक्त एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण संभव होगा । साथ ही उन्हें स्वयं नशे से दूर रहने एवं अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया ।
इसी क्रम में जिले के थाना बमोरी, कुम्भराज, जामनेर, सिरसी, धरनावदा, विजयपुर, मधुसूदनगढ़, राघौगढ आदि सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, ग्रामीण क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए । इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, युवाओं एवं आमजन को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, मानसिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी गई । कार्यक्रमों के दौरान उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्त जीवन अपनाने एवं समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया । साथ ही इस दौरान विभिन्न स्थानों पर रंगोली, निबंध, स्लोगन आदि प्रतियोगिताओं के माध्यम से नशामुक्ति का संदेश दिया गया ।
गुना पुलिस की आमजन से अपील है कि वे स्वयं नशे से दूर रहें, अपने परिवार एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें तथा नशे से संबंधित किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देकर नशामुक्त, सुरक्षित एवं स्वस्थ गुना के निर्माण में सहभागी बनें ।
गुना पुलिस का "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान आगामी दिनों में भी जिलेभर में विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से निरंतर जारी रहेगा ।
