सहकारी सप्ताह के तहत गुना में सहकारी ध्वज फहराया, सदस्यों को दिलाई सहकारिता की शपथ
गुना
प्रदेशभर में 29 जून से 6 जुलाई 2026 तक आयोजित किए जा रहे सहकारी सप्ताह के अंतर्गत गुना स्थित दुग्ध शीतकेंद्र पर जनजागरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर सहकारिता की भावना को सुदृढ़ करना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
कार्यक्रम के दौरान दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के सदस्यों की उपस्थिति में सहकारी ध्वज फहराया गया तथा सभी उपस्थित सदस्यों को सहकारिता के प्रति निष्ठा और सहयोग की शपथ दिलाई गई। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए दुग्ध समितियों परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ सहकारी निरीक्षक एवं नोडल अधिकारी श्री नवीन शर्मा, सहकारी निरीक्षक श्री विजय गुप्ता, श्री शिवम सिंघल, जिला सहकारी संघ मर्यादित गुना के प्रबंधक श्री सत्येंद्र शर्मा सहित दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों के कर्मचारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
