परिवार कल्याण कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा, एएनएम एवं सीएचओ का किया सम्मान
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कल्याण के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषिश्वर की अध्यक्षता में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सभागृह में विश्व जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा 11 जुलाई से 18 जुलाई 2026 के आयोजन हेतु अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक (स्वास्थ्य,शिक्षा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग) का आयोजन आज किया गया।
विश्व जनसंख्या दिवस प्रतिवर्ष 11 जुलाई को मनाया जाता है। इस अभियान का उद्देश्य सही समय पर गर्भधारण तथा दो बच्चों के बीच सही अंतराल को स्वैच्छिक साधनों से बढ़ावा देना है जिससे मां एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार हो सके। मां और बच्चे की अच्छी सेहत के लिए गर्भधारण हेतु सही समय तथा गर्भावस्था के बीच सही अंतर रखना जरूरी है। जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ्य और खुशहाल।
इस पखवाड़े के अंतर्गत स्वास्थ्य संस्थाओं में आमजन को गर्भ निरोध के अस्थायी साधनों की जानकारी दी जाकर अस्थायी साधनों के उपयोग हेतु प्रेरित किया जाएगा।परिवार नियोजन के विकल्प कार्यक्रम अंतर्गत अस्थाई साधनों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा,उप स्वास्थ्य केंद्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई। इसके अंतर्गत ईएसबी स्कीम में तीन आशा कार्यकर्ता रीना कुशवाह, रमा विश्वकर्मा एवं लीला नायक तथा अंतरा इंजेक्शन के लिए मोटिवेट करने वाली आशा रेनी बारेला, श्रीबाई विश्वकर्मा एवं कृष्णा प्रजापति को सम्मानित किया गया ।
तीन उपस्वास्थ्य केंद्रों झागर, झरपई एवं धानवाडी एवं तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों रुठियाई, चांचौड़ा एवं बजरंगगढ़ को प्रशस्ति पत्र एवं शील्ड प्रदान की गई।
इस अवसर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्री दिनेश चंदेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

