सेक्टर स्तर पर आशा कार्यकर्ताओं को दिया गया दस्तक अभियान का प्रशिक्षण
गुना
कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजकुमार ऋषीश्वर के निर्देशानुसार विकासखंड चांचौड़ा के विभिन्न स्वास्थ्य सेक्टरों में 13 जुलाई 2026 को आगामी दस्तक अभियान के सफल संचालन हेतु आशा कार्यकर्ताओं का सेक्टर स्तरीय उन्मुखीकरण (ओरिएंटेशन) एवं प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
बीएमओ बीनागंज डॉ. सौम्या बाजपेयी ने बताया कि चांचौड़ा विकासखंड के सभी छह स्वास्थ्य सेक्टरों में आशा कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण में सेक्टर सुपरवाइजर एवं आशा सुपरवाइजर ने प्रशिक्षक के रूप में अभियान के उद्देश्य, कार्यप्रणाली एवं मैदानी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आशा कार्यकर्ता स्वास्थ्य विभाग की ग्राम स्तर पर सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जिनकी विभागीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। दस्तक अभियान 14 जुलाई से 31 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर बच्चों में दस्त, निमोनिया, जन्मजात विकृतियों एवं कुपोषण की पहचान कर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएंगी तथा जरूरतमंद बच्चों को उपचार एवं पोषण संबंधी सेवाओं से जोड़ा जाएगा।
डॉ. बाजपेयी ने प्रशिक्षण के दौरान आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि वे अभियान के उद्देश्यों को भली-भांति समझते हुए पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि प्रत्येक पात्र बच्चे तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाया जा सके। उन्होंने बताया कि दस्तक अभियान का मुख्य उद्देश्य शिशु एवं बाल्यकालीन मृत्यु दर में कमी लाना तथा बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण को सुनिश्चित करना है।
