Type Here to Get Search Results !

खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, अवैध परिवहन में संलिप्त 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

 खनिज विभाग की लगातार कार्रवाई, अवैध परिवहन में संलिप्त 03 ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त


गुना 

कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए खनिज विभाग द्वारा लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को गुना शहरी क्षेत्र में खनिज विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान बिना वैध रॉयल्टी के एम-सैंड एवं रेत का परिवहन करते पाए जाने पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए।

निरीक्षण के दौरान वाहन चालकों द्वारा खनिज परिवहन से संबंधित वैध रॉयल्टी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर विभागीय टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर सुरक्षित अभिरक्षा में कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा कराया। प्रकरण में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण का निवारण) नियमों के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जिला खनिज अधिकारी श्री सचिन वर्मा ने बताया कि जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन तथा रॉयल्टी के दुरुपयोग पर विभाग की सतत निगरानी बनी हुई है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण एवं आकस्मिक जांच अभियान लगातार संचालित किए जा रहे हैं। इसी का परिणाम है कि अवैध खनिज गतिविधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

उन्होंने जिले के समस्त खनिज भंडारण एवं विक्रय से जुड़े व्यापारियों से अनुरोध किया कि खनिज के क्रय-विक्रय एवं भंडारण से संबंधित आवश्यक अनुमति एवं वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के उपरांत ही व्यापार करें। बिना वैध अनुमति अथवा नियमों के विपरीत खनिज का भंडारण या विक्रय किए जाने की स्थिति में मध्यप्रदेश खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी संबंधित व्यापारी की स्वयं होगी।

उक्त कार्रवाई में प्रभारी खनिज निरीक्षक श्री विजय चक्रवर्ती सहित विभागीय अमले की सक्रिय भूमिका रही।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.