मॉडिफाइड साइलेंसर पर गुना यातायात पुलिस का सख्त प्रहार
*पटाखे जैसी आवाज़ निकालने वाली बुलेट बाइकको पर कार्यवाही तेज, 7 दिनों में 25 मॉडिफाइड साइलेंसर जब्त*
*अवैध हूटर वाले 10 चार पहिया वाहन भी कार्यवाही की जद में, कुल करीब 40 वाहनों पर 75 हजार का जुर्माना*
*वाहन चालकों से अपील - मॉडिफाइड साइलेंसर हटाएं, अन्यथा होगी कड़ी वैधानिक कार्यवाही*
गुना पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के दिशा निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन तथा डीएसपी यातायात श्री मुकेश कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में गुना यातायात पुलिस द्वारा मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर तेज धमाके (पटाखे जैसी आवाज़) करने वाली बुलेट मोटरसाइकिलों एवं अवैध हूटर लगे वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है ।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में ऐसे वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है, जो मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर शहर में अनावश्यक शोर उत्पन्न करते हैं, आवारागर्दी करते हुए आमजन की शांति भंग करते हैं तथा राहगीरों एवं आसपास के रहवासियों के लिए असुविधा का कारण बनते हैं ।
इस अभियान के तहत गत दिनांक 14 जुलाई को जज्जी बस स्टैंड क्षेत्र में एक बुलेट मोटरसाइकिल को उसके मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज़ निकलने पर जब्त कर थाना लाया गया । वाहन से मॉडिफाइड साइलेंसर निकालकर जब्त किया गया तथा वाहन स्वामी से कंपनी का मूल (ओरिजिनल) साइलेंसर मंगवाकर पुनः लगवाया गया । इसके उपरांत वाहन को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ वाहन स्वामी पर 17,000 रूपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया ।
अभियान के दौरान जयस्तंभ चौराहा, जगत तिराहा, हनुमान चौराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों में प्रतिदिन सघन जांच की जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध निरंतर कार्यवाही जारी है ।
पिछले सात दिनों में गुना यातायात पुलिस द्वारा लगभग 25 बुलेट मोटरसाइकिलों से मॉडिफाइड साइलेंसर निकालकर जब्त किए गए हैं । वहीं लगभग 10 चार पहिया वाहनों पर लगे अवैध हूटर भी हटाकर जब्त किए गए हैं । अभियान के दौरान कुल लगभग 40 वाहनों के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए 75,000 रूपये का जुर्माना वसूल किया गया है ।
गुना पुलिस की सभी वाहन चालकों से अपील है कि यदि उनकी मोटरसाइकिल में मॉडिफाइड साइलेंसर लगा है, जिससे अत्यधिक शोर अथवा पटाखे जैसी आवाज़ उत्पन्न होती है, तो उसे तत्काल हटाकर कंपनी का मूल (ओरिजिनल) साइलेंसर लगवा लें । जांच के दौरान ऐसे साइलेंसर पाए जाने पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार सख्त वैधानिक कार्यवाही की जाएगी ।
साथ ही नागरिकों से भी अनुरोध है कि यदि उनके आसपास कोई वाहन मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज धमाके करता हुआ दिखाई दे, तो उसका फोटो, वाहन नंबर का स्पष्ट चित्र अथवा छोटा वीडियो बनाकर गुना यातायात थाने के व्हाट्सएप नंबर 7701046572 पर भेजें । सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी ।
गुना पुलिस नागरिकों के सहयोग से शहर को ध्वनि प्रदूषण, यातायात नियमों के उल्लंघन एवं असामाजिक वाहन संचालन से मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा गुना पुलिस का यह अभियान आगे भी इसी प्रकार लगातार जारी रहेगा ।
