Type Here to Get Search Results !

पुरानी साइकिल फैक्ट्री क्षेत्र फिर बनेगा औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र

 पुरानी साइकिल फैक्ट्री क्षेत्र फिर बनेगा औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र


कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने किया निरीक्षण, रोजगार और व्यापार को मिलेगा नया अवसर



गुना 


 एबी रोड स्थित वर्षों से बंद पड़ी पुरानी साइकिल फैक्ट्री परिसर को पुनः औद्योगिक गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल ने शुक्रवार को परिसर का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक विकास कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को विकसित किए जाने से नए उद्योगों की स्थापना का मार्ग प्रशस्त होगा, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा व्यापारिक गतिविधियों को भी न गति मिलेगी।


स्मॉल इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में विकसित करने की योजना


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि यह परिसर कभी गुना की पहचान रही साइकिल फैक्ट्री का हिस्सा था, जहां वर्षों तक साइकिल असेंबली का कार्य होता रहा। वर्तमान में यह परिसर लंबे समय से बंद है। उन्होंने उपलब्ध भवनों एवं अन्य संरचनाओं का निरीक्षण करते हुए कहा कि यहां पर्याप्त भूमि एवं आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता को देखते हुए इसे एक सुव्यवस्थित स्मॉल इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में विकसित किया जा सकता है। इससे जिले में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।


फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना की दिशा में भी पहल


कलेक्टर श्री कन्याल ने बताया कि परिसर में फूड प्रोसेसिंग इकाइयों की स्थापना के लिए भी प्रस्ताव तैयार किया गया है, जिसे सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने कहा कि नए उद्योग स्थापित होने से स्थानीय व्यापारियों को बेहतर अवसर मिलेंगे, कृषि आधारित गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे।


निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्रीमती शिवानी पांडेय, उद्योग विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा मुख्य नगरपालिका अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.