फॉस्टर केयर हेतु इच्छुक एवं पात्र परिवारों से आवेदन आमंत्रित
गुना
मिशन वात्सल्य योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चों, जिन्हें पारिवारिक संरक्षण एवं स्नेहपूर्ण वातावरण की आवश्यकता है, उन्हें फॉस्टर केयर (Foster Care) के माध्यम से परिवार आधारित देखभाल उपलब्ध कराने के लिए इच्छुक, संवेदनशील एवं पात्र परिवारों/व्यक्तियों (फिट पर्सन/फॉस्टर फैमिली) से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऐसे परिवारों/व्यक्तियों को बाल कल्याण समिति (CWC) द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फिट पर्सन/फॉस्टर फैमिली घोषित किया जाएगा।
फॉस्टर केयर योजना के अंतर्गत बाल कल्याण समिति के आदेशानुसार चयनित बच्चों को पात्र फॉस्टर परिवार में रखा जाएगा। बच्चों के पालन-पोषण एवं देखभाल के लिए मिशन वात्सल्य योजना के तहत प्रति बच्चा ₹4,000 प्रतिमाह की सहायता राशि बच्चे के आधार से लिंक डीबीटी सक्षम बैंक खाते में अंतरित की जाएगी।
फॉस्टर केयर हेतु पात्र बच्चों की श्रेणियां
• अनाथ बच्चे
• परित्यक्त बच्चे
• सरेंडर किए गए बच्चे
• बाल श्रम से मुक्त बच्चे
• बाल विवाह से मुक्त बच्चे
• घरेलू हिंसा अथवा शोषण से प्रभावित बच्चे
• भिक्षावृत्ति से मुक्त बच्चे
• अन्य ऐसे बच्चे जिन्हें सुरक्षित पारिवारिक वातावरण की आवश्यकता हो।
इच्छुक फॉस्टर परिवारों के लिए आवश्यक योग्यताएं
• परिवार में सुरक्षित एवं सकारात्मक पारिवारिक वातावरण होना चाहिए।
• बच्चे के पालन-पोषण, शिक्षा एवं समग्र विकास के प्रति संवेदनशीलता हो।
• बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई द्वारा निर्धारित मापदंडों का पालन करने के लिए सहमत हों।
• आवश्यक दस्तावेज, होम स्टडी रिपोर्ट (HSR), पुलिस सत्यापन एवं अन्य निर्धारित प्रक्रियाएं पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
आवेदन कहां करें
इच्छुक परिवार अपने निकटतम परियोजना कार्यालय, महिला एवं बाल विकास विभाग अथवा जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), जिला गुना में कार्यालयीन समय के दौरान संपर्क कर आवेदन पत्र प्राप्त एवं जमा कर सकते हैं। अधिक जानकारी के लिए जिला बाल संरक्षण अधिकारी, जिला बाल संरक्षण इकाई (DCPU), महिला एवं बाल विकास विभाग, नवीन कलेक्ट्रेट भवन, प्रथम तल, कक्ष क्रमांक-225, गुना अथवा अपने निकटतम परियोजना कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
जनसामान्य से अपील
यदि आपके आसपास कोई ऐसा बच्चा है जिसे परिवार की आवश्यकता है अथवा आप स्वयं किसी बच्चे के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाना चाहते हैं, तो फॉस्टर केयर अभियान से जुड़ें। आपका एक निर्णय किसी बच्चे को सुरक्षित, स्नेहपूर्ण एवं सम्मानजनक भविष्य प्रदान कर सकता है।
